10 वर्षों के चैम्पियन मो. अली को किया सम्मानित
छोटे भाई मो. इरशाद एवं मो. इतिश्याक भी कई वर्ष तक रहे चैम्पियन
अली के पुत्र सादिक ने 'होनहार बिरवान के होत चिकने पात' वाली कहावत को किया चरितार्थ
जौनपुर। 'धीरे चलें—सुरक्षित चलें' नामक सामाजिक एवं संदेशात्मक स्लोगन को लेकर जेसीआई जौनपुर द्वारा आयोजित स्लो रेस प्रतियोगिता में लगातार 10 वर्षों तक चैम्पियन रहने वाले समाजसेवी एवं व्यवसायी मोहम्मद अली उर्फ गुड्डू को जेसीआई द्वारा आयोजित महान पर्व पर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने उन्हें स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम एवं माल्यार्पण के साथ सम्मानित किया जिस पर उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से उनका जोरदार स्वागत किया। श्री अली को यह सम्मान मंचासीन अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, पूर्व मण्डलाध्यक्ष राधेरमण जायसवाल एवं संस्थाध्यक्ष अंजनी प्रजापति ने अपने हाथों से दिया।
बता दें कि स्लो रेस प्रतियोगिता में श्री अली लगातार 10 वर्ष तक चैम्पियन रहे जिसके बाद उनके छोटे भाई मो. इरशाद ने लगातार 7 वर्ष तक चैम्पियन बनकर परिवार का पताका लहराया। इतना ही नहीं, इसके बाद उनके एक और छोटे भाई मो. इश्तियाक लगातार 3 वर्ष तक प्रथम स्थान प्राप्त करके परिवार के बादशाहत को बरकरार रखा। हद तो तब हो गयी जब 'होनहार बिरवान के होत चिकने पात' वाली कहावत को मोहम्मद अली के पुत्र मो. अली सादिक ने चरितार्थ कर दिया। सादिक ने गत दिवस एक संस्था द्वारा नगर में आयोजित स्लो रेस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करके अपने पिता एवं चाचाओं की विरासत को कायम रखा। साथ ही पारिवारिक बादशाहत को कायम रखते हुये यह बता दिया कि इंसान के जीवन में कुछ विरासत में भी मिलती हैं।

