भादो छठ मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, सूरजकुंड में 10 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

 ऐतिहासिक मेले में 100 गांवों समेत दूसरे जिलों से पहुंचे श्रद्धालु और दुकानदार, सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

जौनपुर। सरायख्वाजा बाजार में लगने वाले ऐतिहासिक भादो छठ मेले में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह करीब चार बजे से ही सूरजकुंड में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र सूरजकुंड में स्नान-ध्यान कर शिव बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की। आसपास के करीब 100 गांवों के अलावा आजमगढ़, अंबेडकरनगर समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दुकानदार मेले में पहुंचे।

करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में फैले मेले में तरह-तरह की दुकानें सजी थीं। गुड़ से बनी मिठाइयों, लकड़ी के घरेलू सामान और बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर विशेष भीड़ रही। लकड़ी से बने आकर्षक खिलौने और घरेलू उपयोग के सामान बच्चों के साथ बड़ों को भी खूब आकर्षित करते रहे। देर शाम तक मेले में चहल-पहल बनी रही।

मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सूरजकुंड के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली। कोइरीडीहा और सिद्दीकपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों का डायवर्जन किया गया। भादो छठ मेले के चलते कोइरीडीहा चौराहे से बड़े वाहनों को इटौरी-चकवां-पतहना मार्ग से भेजा गया।

डायवर्जन के कारण वाहनों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। सवारी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। कुछ वाहन मेला स्थल से ही वापस लौट गए, जबकि कई वाहन दूसरे रास्तों से यात्रियों को गंतव्य तक लेकर पहुंचे। अतिरिक्त दूरी के कारण यात्रियों को अधिक किराया भी देना पड़ा।

मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश सिंह और पूर्वांचल विश्वविद्यालय पुलिस चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। जगह-जगह पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान भी तैनात किए गए। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।

Related

डाक्टर 8200636209513276377

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item