वकील बनकर 41 लाख रुपये की लूट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 35 लाख नकद बरामद

 

जौनपुर। भाई की जमानत कराने राजस्थान से वाराणसी आए युवक को अधिवक्ता बनकर मिले व्यक्ति ने विश्वास में लिया और जौनपुर लाकर कथित तौर पर 41 लाख रुपये लूट लिए। घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नकद और पीड़ित का अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल दूसरा नामजद आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।


राजस्थान के बीकानेर जिले के शेरूणा थाना क्षेत्र निवासी करीब 25 वर्षीय जयपाल शर्मा अपने छोटे भाई की जमानत कराने राजस्थान से वाराणसी आए थे। जमानत संबंधी कार्रवाई के लिए उन्होंने अधिवक्ता अभिनव सिंह से संपर्क किया। पुलिस के अनुसार अभिनव ने खुद को इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाला अधिवक्ता बताया और जमानत की प्रक्रिया के दौरान जयपाल से लगातार संपर्क में रहकर उससे नजदीकी बढ़ाई।


22 और 19 लाख रुपये लेकर जौनपुर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक पांच सितंबर को वाराणसी से जमानत संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जयपाल ने अधिवक्ता अभिनव सिंह को बताया कि उसे जमानतदारों और अधिवक्ता की फीस की व्यवस्था के साथ जमीन के सिलसिले में परिचितों से मिलने जौनपुर जाना है। आरोप है कि अभिनव अपनी वैगनआर कार से उसे जौनपुर ले आया। पॉलिटेक्निक चौराहे के पास उतरकर जयपाल ने हनुमान घाट और सद्भावना पुल के पास दो परिचित आभूषण कारोबारियों से क्रमश: 22 लाख और 19 लाख रुपये लिए। कुल 41 लाख रुपये उसने काले बैग में रख लिए।


पुलिस के अनुसार सद्भावना पुल के पास अभिनव का साथी उपदेश पाठक भी कार में सवार हो गया। इसके बाद दोनों जयपाल को लेकर वाराणसी की ओर रवाना हुए। जौनपुर से निकलने के बाद हाईवे पर कार को यू-टर्न लेकर रास्ता बदल दिया गया और जयपाल का मोबाइल फोन छीन लिया गया। बक्शा क्षेत्र में शोर मचाने और कार से भागने की कोशिश करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि उसे करीब 20 से 30 किलोमीटर तक इधर-उधर घुमाया गया और पिस्टल के साथ किसी व्यक्ति को भेजने की धमकी देकर भयभीत किया गया।


पुलिस के मुताबिक वाराणसी मार्ग स्थित टोल प्लाजा से कुछ पहले आरोपितों ने रुपये से भरा बैग छीन लिया और जयपाल को धक्का देकर कार से उतार दिया। इसके बाद दोनों फरार हो गए। किसी तरह जयपाल रोडवेज बस से वाराणसी पहुंचा।


 पीड़ित ने 16 सितंबर को पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र के समक्ष लिखित शिकायत देकर घटना की जानकारी दी। उसने अभिनव सिंह से बातचीत की रिकॉर्डिंग होने की बात भी बताई, जिसमें रुपये लेने की बात स्वीकार किए जाने का दावा किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआइजी ने जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को 24 घंटे के भीतर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।


जांच में तथ्य सही पाए जाने के बाद बक्शा थाने में 20 सितंबर की रात 12:07 बजे मुकदमा अपराध संख्या 477/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) में अभिनव सिंह एडवोकेट, उपदेश पाठक और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।


 मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह के पर्यवेक्षण और एएसपी सिटी गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल से लेकर जौनपुर टोल प्लाजा तक जांच की तथा टोल प्लाजा कर्मियों से पूछताछ की। पुलिस ने सराय हरखू स्थित श्री नारायण सिंह इंटर कॉलेज के पास से मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ चंदन पुत्र गिरजाशंकर सिंह, निवासी जमऊपट्टी, थाना सिंगरामऊ को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से लूट के 35 लाख रुपये नकद और पीड़ित का अन्य सामान बरामद हुआ। घटना में इस्तेमाल वैगनआर कार भी बरामद कर ली गई। वाहन के वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर लूट की शेष छह लाख रुपये की रकम निजी काम में खर्च करने की बात बताई।


 पुलिस के मुताबिक नामजद दूसरा आरोपी उपदेश पाठक पुत्र स्व. शंकर पाठक, निवासी कुड़वार, सुल्तानपुर घटना में मुख्य आरोपी का सहयोगी था। आरोप है कि उसने पीड़ित को धमकाने, मारपीट करने और रुपये से भरा बैग छीनने में भूमिका निभाई। वह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को मुकदमा अपराध संख्या 477/2026 में बीएनएस की धारा 309(6) और 317(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


 मामले का त्वरित खुलासा और 35 लाख रुपये की बरामदगी करने वाली टीम में एएसपी सिटी गोल्डी गुप्ता, बक्शा थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मुन्नीलाल कनौजिया, कांस्टेबल हिमांशु सिंह और कांस्टेबल अभिषेक दीक्षित शामिल रहे। पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र ने टीम के लिए 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। वहीं एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह और एएसपी सिटी गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया है।


Related

JAUNPUR 8110269877020564192

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item