जौनपुर पुलिस ने बरामद किए 201 गुम मोबाइल, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

 CEIR पोर्टल की मदद से 45 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद, अब तक 2239 फोन स्वामियों को लौटाए

जौनपुर। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 201 लोगों के चेहरे पर उस समय खुशी लौट आई, जब जौनपुर पुलिस ने उनके खोए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिए। साइबर क्राइम थाना/सेल और जिले के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से अलग-अलग स्थानों से 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। पुलिस के मुताबिक अब तक 2239 गुम मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख रुपये है।


जौनपुर से लेकर कई राज्यों तक खोजे गए मोबाइल


साइबर पुलिस टीम ने गुमशुदगी की शिकायतों और CEIR पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं के आधार पर मोबाइल फोन की तलाश की। पुलिस के अनुसार इस अभियान में जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से मोबाइल बरामद किए गए।


इतना ही नहीं, कुछ मोबाइल फोन दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान से भी बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया, एप्पल और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं।


खुटहन से सबसे अधिक 21 मोबाइल बरामद


201 बरामद मोबाइलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 16 फोन बरामद किए। विभिन्न थानों की साइबर सेल द्वारा खुटहन से 21, कोतवाली से 17, मड़ियाहूं से 15, बदलापुर और शाहगंज से 14-14, बक्शा से 12, चंदवक और सुजानगंज से 10-10 मोबाइल बरामद किए गए।


लाइन बाजार से नौ, केराकत और जलालपुर से आठ-आठ, रमपुर से सात, सरायख्वाजा से छह, मुंगराबादशाहपुर और सरपतहां से पांच-पांच, खेतासराय, गौराबादशाहपुर और जफराबाद से चार-चार मोबाइल बरामद हुए। मछलीशहर से तीन, मीरगंज, सिकरारा और महराजगंज से दो-दो तथा सिंगरामऊ और बरसठी से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया।


मोबाइल वापस पाकर बोले—पुलिस का जताया आभार


खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों ने खुशी जताई और जौनपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में लोग तत्काल संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में पुलिस को मदद मिलती है।


सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता ने लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर लिखित शिकायत भी की जा सकती है।


पुलिस ने लोगों को संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड पर क्लिक या स्कैन नहीं करने, अजनबी के कहने पर रिमोट एक्सेस एप इंस्टॉल नहीं करने और फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति को बैंक अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी एम-पिन या यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती।


बरामदगी अभियान में साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक, साइबर क्राइम सेल प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह समेत साइबर थाना और जिले के विभिन्न थानों की साइबर सेल में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Related

JAUNPUR 1517585468274434614

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item