जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण, बैरकों में ली गई सघन तलाशी
जेल की पाकशाला और अस्पताल का भी अधिकारियों ने लिया जायजा, बंदियों से संवाद कर जानी समस्याएं
जौनपुर। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों को मिल रही सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला कारागार की विभिन्न बैरकों का भ्रमण किया और आवश्यकतानुसार सघन तलाशी कराई। इस दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बनाए रखने और समय-समय पर बैरकों तथा पूरे कारागार परिसर की सघन तलाशी कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारागार की पाकशाला का भी निरीक्षण किया। यहां बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और भोजन वितरण की व्यवस्था की जानकारी ली गई। इसके साथ ही जेल अस्पताल का निरीक्षण कर भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य, उपचार और मिल रही चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
जनपद न्यायाधीश और जिलाधिकारी ने विभिन्न बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और कारागार में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित जिम्मेदारों को निर्देश दिया कि बंदियों की समस्याओं का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए।
जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और न्यायालयों में लंबित मामलों से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बैरकों और कारागार परिसर में नियमित रूप से सघन तलाशी कराने के साथ ही साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। बंदियों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, उपायुक्त उद्योग, सेवायोजन अधिकारी सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

