गणपति पूजा महासमिति का 23वां पुरस्कार एवं सम्मान समारोह संपन्न
जौनपुर। श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर ट्रस्ट का 23वां वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह रविवार को मुख्य संरक्षक लोलारक दुबे की अध्यक्षता में भव्यता एवं धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ज्ञानप्रकाश सिंह सहित अतिथियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों और गणेश भजनों ने माहौल भक्तिमय बना दिया।
मुख्य अतिथि ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने प्रशासन की अनुमति मिलने पर प्रतिमा विसर्जन के लिए विसर्जन कुंड को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कराने का संकल्प दोहराया। पूर्व विधायक बदलापुर ओमप्रकाश बाबा दुबे ने महासमिति के कार्यों की सराहना की। नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने आगामी गणेशोत्सव में बेहतर व्यवस्थाओं का भरोसा दिलाया।
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पूजन समितियों को सम्मानित किया गया। शोभायात्रा में श्री गणेश मित्र मंडल रसूलाबाद प्रथम, श्री शिवशक्ति बाल गणेश पूजा समिति ईशापुर द्वितीय और श्री गणपति पूजनोत्सव सेवा समिति मियांपुर तृतीय रही।
पूजन पंडाल शहरी वर्ग में श्री शीतला कार्यसमिति ट्रस्ट चौकिया धाम, ग्रामीण वर्ग में श्री सार्वजनिक गणेश उत्सव पूजा समिति बारी रोड गौराबादशाहपुर, दैनिक मार्ग सजावट में श्री जय मां शीतला गणपति पूजा मित्र मंडल चौकिया तथा आकर्षक झांकी में श्री गणपति पूजा बाल संस्था शिवचौरा मंदिर सिपाह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य समितियों को भी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले संगठनों, मीडिया कर्मियों और ब्लॉगर्स को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य ट्रस्टी संजीव कुमार यादव एडवोकेट ने किया। संयोजक नवीन सिंह बसगोती, अध्यक्ष दीपक जावा, कोआर्डिनेटर संजय जड़वानी व पवन दुबे सहित महासमिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में बड़ी संख्या में गणपति पूजन समितियों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

