प्राथमिक विद्यालय में बीएसए का औचक निरीक्षण, दो शिक्षक अनुपस्थित मिले
वेतन रोकने के निर्देश, प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सोमवार को विकासखंड मुंगराबादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय नौवाड़ाडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति, साफ-सफाई, मध्याह्न भोजन पंजिका, शिक्षण कार्य और विभिन्न मदों से प्राप्त धनराशि के उपयोग में कई अनियमितताएं सामने आईं। बीएसए ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाने तथा प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक अजय कुमार मिश्र और अर्चना कुमारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। टाइम एंड मोशन शासनादेश का पालन नहीं करने पर दोनों शिक्षकों का सितंबर माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही दोनों से साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार गुप्त उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। पंजिका के अवलोकन में अनुपस्थित शिक्षकों के कॉलम भी खाली मिले। बीएसए ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रधानाध्यापक की भूमिका पर सवाल उठाए और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन पंजिका की जांच में सितंबर माह की कोई प्रविष्टि दर्ज नहीं मिली। विद्यालय की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। कक्षाओं में गंदगी और विद्यालय परिसर में अव्यवस्था मिली। इसके अलावा विद्यार्थियों का अधिगम स्तर भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया।
विद्यालय में इको क्लब का गठन नहीं किया गया था। वहीं, कंपोजिट ग्रांट, टीएलएम और स्पोर्ट्स ग्रांट के तहत प्राप्त धनराशि के उपयोग में भी अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण रिपोर्ट में विद्यालय विकास के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि के उचित एवं नियमानुसार उपयोग को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
बीएसए ने विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षकों और शिक्षामित्रों को परिसर, कक्षाओं एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, टाइम एंड मोशन व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने तथा उपलब्ध शिक्षण सामग्री का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्धारित समयावधि में निपुण बनाने के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
निरीक्षण में सामने आई कमियों के तत्काल निराकरण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को एक सप्ताह के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

