एनएच-233 चौड़ीकरण में किसानों के मुआवजे पर डीएम सख्त, भुगतान में तेजी के निर्देश
20 गांवों के प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर डीएम ने जानी समस्याएं, अभिलेख जल्द जमा करने की अपील
जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र में एनएच-233 के चौड़ीकरण से प्रभावित 20 गांवों के किसानों को प्रतिकर (मुआवजा) राशि के भुगतान में अब तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है। बुधवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने प्रभावित किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और मुआवजा भुगतान से जुड़े लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाते हुए पात्र किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान किसानों ने चौड़ीकरण से संबंधित अपनी समस्याओं और प्रतिकर भुगतान की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के लंबित प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि उन्हें मुआवजे के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अभिलेख पूरे कराएं, तभी तेजी से मिलेगा मुआवजा
जिलाधिकारी ने प्रभावित किसानों से अपील की कि वे अपना बैंक खाता विवरण, फोटो, शपथ पत्र समेत अन्य आवश्यक अभिलेख संबंधित कार्यालय में जल्द उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि दस्तावेज पूरे होने पर पात्र किसानों को प्रतिकर राशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने में सुविधा होगी।
चौड़ीकरण की रफ्तार भी बढ़ाने का निर्देश
डीएम ने एनएच-233 के चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण करने तथा कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रतिकर भुगतान से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही एनएच-233 के चौड़ीकरण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, उपजिलाधिकारी केराकत, एनएचएआई के परियोजना निदेशक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

