मेधावी छात्रों की हौसला-अफजाई, 240 विद्यार्थियों को मिला सम्मान

 अल्पसंख्यक मेधावी सम्मान समारोह में हाईस्कूल-इंटर के 70 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित


जौनपुर। शहर के हिंदी भवन में रविवार को माइनॉरिटी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से अल्पसंख्यक मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले जिले के 240 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक नफीस अहमद ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के भीतर विशेष प्रतिभा है, जिसे पहचानकर संस्था ने उन्हें सम्मानित किया है। यह सम्मान मंजिल नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए निरंतर संघर्ष करते रहने का आह्वान किया। कहा कि वर्तमान समय ज्ञान और विज्ञान का है, इसलिए विद्यार्थियों के लिए दीनी और दुनियावी दोनों तरह की तालीम हासिल करना जरूरी है।


मुख्य वक्ता नगर पंचायत मड़ियाहूं की अध्यक्ष रुकसाना कमाल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की हौसला-अफजाई के साथ उनके उत्साह को नई उड़ान देते हैं। सम्मानित होने वाले बच्चों में छात्राओं की संख्या भी अच्छी है, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा के समान अवसर देकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष हफीज शाह ने की। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से लगातार दस वर्षों से मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जा रहा है। यहां सम्मानित होकर जाने वाले कई बच्चे आज उच्च पदों पर कार्यरत हैं और अपने परिवार व समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।


समारोह में नईम और जइम दोनों भाइयों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों ने बिना दहेज और बिना बारात के विवाह कर समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ सकारात्मक संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ कुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुआ। इसके बाद एक नन्ही बच्ची ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जिसने समारोह के वातावरण को भावनात्मक बना दिया।


विशिष्ट अतिथि कमाल फारूकी ने कहा कि संस्था पूरे जिले के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है। डॉ. नोमान खान ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता और संवेदनशीलता बनाए रखने की सलाह दी।


शशांक सिंह रानू ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का होना भी उतना ही आवश्यक है। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। सरदार सतनाम सिंह ने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा ही देश को तरक्की की राह पर ले जाएगी, इसलिए विद्यार्थियों को इसके महत्व को समझना चाहिए।


भारतीय स्टेट बैंक की अधिकारी रौनक अफरोज ने कहा कि जब किसी घर की एक बेटी शिक्षित होती है तो वह दो परिवारों को शिक्षा और जागरूकता से जोड़ती है। आने वाला समय बेटियों का है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर दिया जाना चाहिए।


इस अवसर पर शकील अहमद, अबुजर शेख, हाजी एजाज अहमद, हाजी सैय्यद फरोग, हाजी मो. राशिद, शोएब कलाम, बेलाल खान, तौसीफ अहमद, साकिब अहमद, फिरोज अहमद पप्पू, नेयाज ताहिर शेखु एडवोकेट, आमिर, तौसीफ, शहबाज खान, जाफर खान, नदीम अंसारी, आमिर कुरैशी, आदिल जैदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन मेंहदी रजा एडवोकेट ने किया। संस्था अध्यक्ष हफीज शाह ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related

JAUNPUR 5269117452296939464

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item