शिक्षकों की समस्याओं पर गरजा प्राथमिक शिक्षक संघ, बार-बार सूचना मांगने पर जताई नाराजगी

 प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक पद का वेतन देने समेत कई मांगें उठीं, अमान्य विद्यालयों पर कार्रवाई की मांग

जौनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद इकाई की बैठक रविवार को मियांपुर स्थित मंगलम लॉन में जिला अध्यक्ष अरविंद शुक्ल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग, शिक्षकों और विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर गहन मंथन किया गया। शिक्षक प्रतिनिधियों ने विभागीय स्तर पर आ रही व्यवहारिक और तकनीकी दिक्कतों का तत्काल समाधान कराने की मांग उठाई।


बैठक में विभिन्न विकास खंडों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। ब्लॉक स्तर पर कंप्यूटर ऑपरेटरों और ड्रॉप बॉक्स से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के साथ ही कंप्यूटर सहायकों की कथित लापरवाही का मुद्दा उठाया गया। शिक्षकों ने कहा कि विभागीय ऑनलाइन कार्यों के लिए मोबाइल की आवश्यकता पड़ती है, जबकि जिला प्रशासन की ओर से मोबाइल के प्रयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में ऑनलाइन कार्यों को पूरा करने में व्यवहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं।


शिक्षक प्रतिनिधियों ने प्रत्येक ब्लॉक में विद्यालयों से एक ही प्रकार की सूचनाएं बार-बार मांगे जाने पर भी नाराजगी जताई। कहा कि सूचना देने के बाद उसकी पावती अथवा प्राप्ति रसीद तक नहीं दी जाती। बैठक में मांग की गई कि ब्लॉक स्तर पर कंप्यूटर सहायकों की मौजूदगी के बावजूद शिक्षकों को एमडीएम, परीक्षा, अनुदेशक, शिक्षामित्र और रसोइयों की उपस्थिति संबंधी सूचनाएं देने के लिए बार-बार बीआरसी न बुलाया जाए। संबंधित सूचनाएं केवल साफ्ट कॉपी के माध्यम से स्वीकार की जाएं।


बैठक में प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। शिक्षक संघ ने शासन के अपर मुख्य सचिव के 16 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन में प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक पद का वेतन तत्काल निर्गत करने की मांग की। इसके साथ ही सभी विकास खंडों में जर्जर विद्यालय भवनों के निस्तारण और ध्वस्तीकरण के लिए स्पष्ट लिखित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।


शिक्षकों ने सभी ब्लॉकों में अपार आइडी निर्माण में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर कराने की भी मांग की।


बैठक में महराजगंज ब्लॉक के सरसवां स्थित अमान्य रूप से संचालित न्यू आरआर पब्लिक स्कूल तथा करंजाकला के जंगीपुर स्थित श्री स्वामी विद्या मंदिर को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की मांग की गई। शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि अमान्य विद्यालयों के संचालन पर विभाग को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।


विद्यालयों में साफ-सफाई की कमी के नाम पर शिक्षकों का वेतन अवरुद्ध न किए जाने की मांग भी बैठक में उठी। साथ ही विद्यालय परिसरों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को तत्काल हटवाने की मांग की गई, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।


बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव रखा गया कि जब तक सभी शिक्षक टीईटी उत्तीर्ण नहीं हो जाते, तब तक यह ज्वलंत मुद्दा संगठन के राष्ट्रीय स्तर के संघर्ष का प्रमुख आधार बना रहेगा।


बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अरविंद शुक्ल ने कहा कि जनपद स्तर पर शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं का समाधान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर कराया जाएगा। उन्होंने संगठन की ओर से शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी पहल का भरोसा दिलाया।


बैठक में लाल साहब यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सुनील कुमार यादव, उषा सिंह, प्रियंका सिंह, अजय कुमार, राकेश कुमार यादव, मनोज कुमार यादव, पवन कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, विष्णु तिवारी, अनिल दीप चौधरी, दीपक सिंह, रमेश कुमार मौर्य, राधेश्याम यादव, राजेश कुमार यादव, जगबहादुर यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


Related

JAUNPUR 2761256089194430226

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item