शिक्षक दिवस पर 75 शिक्षक सम्मानित, प्रशस्ति पत्र के साथ भेंट किया गया एक-एक पौधा
जौनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में गोरखपुर से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इस दौरान जनपद के 75 शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र के साथ एक-एक पौधा भेंट किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का बच्चों के प्रति आत्मीय लगाव होना बेहद जरूरी है। जब शिक्षक बच्चों के साथ अपनापन और संवेदनशीलता का व्यवहार करते हैं तो बच्चे सहज होकर उनसे जुड़ते हैं और सीखने की प्रक्रिया भी प्रभावी होती है।
बीएसए ने कहा कि बच्चों के साथ घुलने-मिलने से वे अपने मन की बातें भी शिक्षक के साथ साझा करने लगते हैं। इससे शिक्षक को बच्चों की समस्याओं, उनकी जरूरतों और भावनात्मक स्थिति को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों के साथ संवेदनशील, सहयोगपूर्ण और आत्मीय व्यवहार करें, ताकि विद्यालय उनके लिए सीखने के साथ-साथ सुरक्षित और सहज वातावरण का केंद्र बन सके।
कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर नगर खंड शिक्षा अधिकारी रविशंकर यादव, सभी डीसी एवं एसआरजी, पूर्व एआरपी महेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

