अत्यधिक बारिश से कबूलपुर गांव का रास्ता जलमग्न, विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में घुसा पानी

 ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें, पगडंडियों के सहारे बाजार पहुंचने को मजबूर; जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से आक्रोश

जफराबाद। क्षेत्र के कबूलपुर गांव में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। गांव के मुख्य रास्ते पर जलभराव होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए काफी घूमकर जाना पड़ रहा है। वहीं गांव स्थित विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में भी पानी भर जाने से पठन-पाठन और बच्चों से जुड़ी गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।


ग्रामीणों के मुताबिक गांव के आसपास तीन बड़े तालाब हैं। इनमें से दो तालाबों की जलनिकासी की व्यवस्था हो चुकी है, इसके बावजूद लगातार बारिश के कारण बड़ी मात्रा में पानी गांव की सड़कों और विद्यालय परिसर में पहुंच गया है। सबसे अधिक परेशानी अनिल कुमार गुप्ता के घर के समीप स्थित तालाब के कारण हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तालाब की जलनिकासी के लिए अब तक समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते तालाब पूरी तरह भर गया और उसका पानी सड़क पर फैल गया।


पानी में डूबी सड़क, पगडंडियों का सहारा


मुख्य मार्ग जलमग्न होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने के लिए बाजार तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। सड़क पर पानी अधिक होने के कारण सुगम यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मजबूरी में ग्रामीण पगडंडियों और वैकल्पिक रास्तों के सहारे बाजार पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था कर दी जाती तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।


विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में भी पानी


गांव के विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पानी भरने से बच्चों की सुरक्षा और पठन-पाठन को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। यदि बारिश जारी रही तो जलभराव और बढ़ने की संभावना है, जिससे विद्यालय संचालन प्रभावित हो सकता है।


ग्रामीणों में जलभराव को लेकर काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में इसी तरह की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की जा रही है।


इस संबंध में ग्राम प्रधान मुजम्मिल ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर समस्या की सूचना दे दी गई है। जलनिकासी और आवागमन सुचारु कराने के लिए कोई न कोई रास्ता निकाला जाएगा।

Related

JAUNPUR 5186836095321764949

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item