मंदिरों से मूर्ति व घंटा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

 21 घंटे, राम-लक्ष्मण-सीता की मूर्तियां और चोरी में प्रयुक्त कार बरामद

जौनपुर। मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का लाइन बाजार पुलिस, स्वाट व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। टीम ने रामपुर थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व सीता माता की तीन मूर्तियां, विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए 21 घंटे और वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की कार बरामद की है।


पुलिस के अनुसार जिले के लाइन बाजार, पवारा और मीरगंज थाना क्षेत्रों के मंदिरों में लगातार घंटा व मूर्ति चोरी की घटनाएं हो रही थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इन घटनाओं के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर बुधवार को कुंभापुर गांव में दबिश देकर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।


गिरफ्तार आरोपितों में रामपुर थाना क्षेत्र के कुंभापुर निवासी शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन और ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी, जमालापुर निवासी रोहित गुप्ता पुत्र राकेश कुमार गुप्ता, रामपुर निवासी रामबाबू जायसवाल तथा गोपालापुर निवासी रोहित गुप्ता पुत्र अवधनारायण गुप्ता शामिल हैं।


तीन थानों में दर्ज मुकदमों का भी खुलासा

पुलिस ने बताया कि बरामद तीन घंटे मीरगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 119/26 व 136/26 से संबंधित हैं। पवारा थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 172/26 से संबंधित भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व सीता माता की तीन पीली धातु की मूर्तियां भी बरामद हुई हैं। इसके अलावा लाइन बाजार थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 360/26 से संबंधित दो घंटे भी मिले हैं। पुलिस ने अन्य मंदिरों से चोरी किए गए छोटे-बड़े 21 घंटे भी बरामद किए हैं।


चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जाने वाली सफेद रंग की किआ सोनेट कार (यूपी 62 डीएन 4304) भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपितों का चालान न्यायालय भेजा जा रहा है।


कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक केके सिंह, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक यजुवेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण यादव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, अरविन्द यादव, रमाकांत सिंह समेत स्वाट, एसओजी और थाना लाइन बाजार के पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Related

JAUNPUR 1762649176909014442

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item