राज परिवार की मौजूदगी ने बढ़ाई राजा कृष्ण दत्त इंटर कॉलेज के स्थापना दिवस की गरिमा
पहली बार रानी नीता कुंवर समेत राज परिवार के सदस्यों ने लिया समारोह में हिस्सा, 185 साल पुरानी विरासत को किया याद
जौनपुर। शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में शनिवार को उस समय गौरव और उत्साह का माहौल बन गया, जब पहली बार राजा जौनपुर के राज परिवार के सदस्य समारोह में शामिल हुए। रानी नीता कुंवर, रजत थरेजा, राधिका थरेजा एवं बद्दी कपूर की मौजूदगी समारोह का विशेष आकर्षण रही। राज परिवार के सदस्यों की उपस्थिति ने विद्यालय की करीब 185 वर्ष पुरानी शैक्षिक विरासत और राजा श्रीकृष्ण दत्त से जुड़ी स्मृतियों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
विद्यालय परिसर में स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, अध्यक्ष प्रो. (कैप्टन) अखिलेश्वर शुक्ला, प्रबंधक डॉ. सत्यराम प्रजापति, प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे और पूर्व एमएलसी प्रमोद मिश्रा ने मां सरस्वती तथा राजा श्रीकृष्ण दत्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद राज परिवार के सदस्यों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया।
समारोह में रानी नीता कुंवर, रजत थरेजा, राधिका थरेजा एवं बद्दी कपूर के पहुंचने को विद्यालय परिवार ने ऐतिहासिक अवसर बताया। राजा श्रीकृष्ण दत्त के नाम से जुड़े इस प्राचीन शिक्षण संस्थान के स्थापना दिवस पर राज परिवार के सदस्यों की मौजूदगी से समारोह की गरिमा और बढ़ गई। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में भी राज परिवार के सदस्यों को लेकर खास उत्सुकता दिखाई दी।
उत्तर प्रदेश सरकार की प्रोजेक्ट अलंकार योजना के अंतर्गत विद्यालय में निर्मित नए भवन तथा राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी के सहयोग से बने सभागार का लोकार्पण भी किया गया। विद्यालय परिसर में कदंब एवं नीम के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
समारोह में विद्यालय के उन पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा प्राप्त करने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। इनमें कर्नल रामदास द्विवेदी, न्यायाधीश अभिषेक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रीति वर्मा, एसबीआई के रौनक अफरोज, एचडीएफसी बैंक की निकिता सिंह, जिला उद्योग विभाग के अधिकारी दीपक सेठ, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कपूर, चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. नीरज सिंह बेलाव, उप प्रबंधक जियाराम यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक महाबल यादव, डॉ. आयुष उपाध्याय, शासकीय अधिवक्ता यादवेन्द्र चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पत्रकार श्याम नारायण पांडेय सहित दर्जनों पुरातन छात्र शामिल रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्षता करते हुए प्रो. (कैप्टन) अखिलेश्वर शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों का सौभाग्य है कि वे वर्ष 1841 में स्थापित इस ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ी सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि जिस शिक्षण संस्थान और गुरु से व्यक्ति को शिक्षा मिली हो, उसके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। प्रबंधक डॉ. सत्यराम प्रजापति ने संस्था की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन लेफ्टिनेंट बृजभूषण यादव एवं अवनीन्द्र तिवारी ने किया।

