बलोचटोला में गूंजा गुरुवाणी का अमृत संदेश, श्रद्धा से मना श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रथम प्रकाश पर्व

 रासमंडल स्थित श्री गुरु तेगबहादुर साहेब की तपोस्थली पर सजी गुरुवाणी की महफिल, अरदास के बाद संगत ने छका अटूट लंगर


जौनपुर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार को बलोचटोला रासमंडल स्थित श्री गुरु तेगबहादुर साहेब जी की तपोस्थली पर धार्मिक आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ हुआ। इस दौरान गुरुवाणी कीर्तन, गुरुमत विचार और अरदास से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में संगत ने कार्यक्रम में भाग लेकर गुरु की वाणी का श्रवण किया।

कार्यक्रम में संगत द्वारा रखे गए सहज पाठ की समाप्ति सुबह 9:30 बजे हुई। इसके बाद हेडग्रंथी सरदार जिओपाल सिंह ने गुरुवाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। मुगलसराय से आए कीर्तनी जत्थे ने भी अपनी मधुर प्रस्तुति से संगत को गुरु की वाणी से जोड़ा और गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

श्री गुरुसिंह सभा के अध्यक्ष सरदार मनमोहन सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश पर्व के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में इस पावन पर्व को श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार सन 1604 में इसी दिन सिखों के पांचवें गुरु श्री अर्जुन देव जी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब का संपादन पूर्ण कर सचखंड श्री हरिमंदर साहिब (स्वर्ण मंदिर), अमृतसर में पहली बार प्रकाश किया था।

सभा के सचिव सरदार जगदीश सिंह (जग्गा) ने बताया कि इसी ऐतिहासिक अवसर पर श्री दरबार साहिब के प्रथम मुख्य ग्रंथी के रूप में बाबा बुड्ढा जी को नियुक्त किया गया था।

गुरु सेवक जत्था के अध्यक्ष राजेंद्र खत्री ने इस पावन अवसर पर समस्त मानव जाति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पवित्र वाणी पूरी मानवता को सत्य, सेवा, करुणा, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश देती है। हम सभी को गुरु साहिब द्वारा दिखाए गए कल्याणकारी मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध रागी जत्थों और प्रचारकों ने गुरुवाणी कीर्तन एवं गुरुमत विचारों के माध्यम से संगत को निहाल किया। अरदास और हुकुमनामा लेने के बाद गुरु का अटूट लंगर शुरू हुआ, जिसमें संगत ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह, उपसचिव सरदार उपेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी गुरुवीर सिंह, रमनदीप सिंह, अमनदीप सिंह, सरदार प्रिंस सिंह, सरदार कुलदीप सिंह, नरेंद्र सिंह माली, मंदीप सिंह समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष संगत मौजूद रही। सभी ने गुरुवाणी का आनंद लिया और गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। धार्मिक आयोजन के समापन पर संगत ने एक-दूसरे को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Related

डाक्टर 1302436231929748949

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item