हिंदी देश को जोड़ने वाली सशक्त भाषा : महेश कुमार गौड़

 भाषा और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने वालों को जवाब जरूरी : सचिन सावंत

हिंदी दिवस समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों, साहित्यकारों, कवियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का सम्मान

हैदराबाद। हिंदी देश को जोड़ने वाली भाषा है और सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान करते हुए हिंदी के विकास के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य बी. महेश कुमार गौड़ ने शनिवार को यह बात कही। बशीरबाग स्थित प्रेस क्लब, देशोद्धारक भवन में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस भाषाई अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में तथा हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हिंदी दिवस समारोह में श्री गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मातृभाषा से लगाव होता है और सभी भाषाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘तेलुगु मेरी मातृभाषा है। हमें तेलुगु के विकास के साथ-साथ हिंदी के विकास के बारे में भी सोचना चाहिए।’’ उन्होंने बताया कि उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राहुल गांधी से अनुरोध किया है कि दक्षिण भारत के सांसद लोकसभा और राज्यसभा में हिंदी में अपनी बात रखें, ताकि देश के अधिक से अधिक नागरिकों तक उनकी बात पहुंच सके। श्री गौड़ ने कहा कि देश में हिंदी का पठन-पाठन लगातार कम होता जा रहा है, जो चिंता का विषय है। हिंदी को विश्व की महत्वपूर्ण भाषाओं में स्थान दिलाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने तेलंगाना के लोगों से हिंदी पढ़ने-लिखने का आग्रह करते हुए कहा कि हिंदी के ज्ञान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना बहुभाषी और विभिन्न धर्मों के लोगों का प्रदेश है। दूसरे राज्यों से वर्षों से यहां रह रहे लोग तेलंगाना के किराएदार नहीं, बल्कि पट्टेदार हैं और प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए महिलाओं के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में भाषाई अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।

हिंदी पत्रकारिता को सरकार दे सहयोग : हनुमंत राव

तेलंगाना सरकार के सलाहकार एवं पूर्व सांसद वी. हनुमंत राव ने कहा कि हिंदी दिवस सभी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में करीब दो सौ वर्षों से हिंदी भाषी लोग रह रहे हैं और प्रदेश के विकास में रचनात्मक योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज तेलंगाना में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लोग आकर बस रहे हैं। बेहतर मौसम और कानून-व्यवस्था के कारण तेलंगाना तेजी से आकर्षण का केंद्र बन रहा है। उन्होंने हिंदी को बढ़ावा देने के साथ ही हिंदी पत्रकारों और हिंदी पत्रकारिता के विकास के लिए सरकार से सहयोग की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी।

हिंदी के विकास के लिए सभी आगे आएं : कोदंडा रेड्डी

पूर्व विधायक एवं भू-भारती के अध्यक्ष एम. कोदंडा रेड्डी ने कहा कि हिंदी को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने राजेश अग्रवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके पिता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रहे हैं और राजेश अग्रवाल पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि राजेश अग्रवाल जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहते हैं और आने वाले समय में पार्टी को उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देनी चाहिए। समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं तेलंगाना कांग्रेस के सह प्रभारी सचिन सावंत ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी भारत में सबसे अधिक बोली और समझी जाने वाली भाषाओं में से एक है। कांग्रेस ने हमेशा हिंदी को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी हिंदी को इसलिए बढ़ावा देते थे, ताकि शासन और जनता के बीच दूरी कम हो। श्री सावंत ने कहा कि कांग्रेस ने पूरे देश में भाषाई अल्पसंख्यक समितियों का गठन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए भाषा और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों में हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी भाषा और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने वालों को कांग्रेस ने जवाब दिया है। उन्होंने सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान करते हुए हिंदी के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी करोड़ों लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम : राजेश अग्रवाल

कार्यक्रम के आयोजक एवं तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस भाषाई अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिंदी देश को जोड़ने वाली भाषा है। करोड़ों लोगों के बीच संपर्क स्थापित करने का हिंदी एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।

वरिष्ठ पत्रकारों और साहित्यकारों को सम्मान

समारोह में हिंदी साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विभिन्न स्मारक पुरस्कार प्रदान किए गए। स्वर्गीय विनयवीर स्मारक पुरस्कार प्रसिद्ध लेखक, पत्रकार एवं समीक्षक डॉ. ऋषभदेव शर्मा, स्वर्गीय सदाशिव शर्मा पत्रकार स्मारक पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार डॉ. देवकुमार पुखराज तथा स्वर्गीय विद्यारण्य हरिबेल्के पत्रकार स्मारक पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि मनोजर कोसंदर को प्रदान किया गया।इसके अलावा हिंदी के क्षेत्र में सक्रिय समाजसेवियों, पत्रकारों, शिक्षकों, लेखकों और कवियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह की खास बात यह रही कि हिंदी शिक्षकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों तथा स्कूली बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी कवि एवं समाजसेवी नंदगोपाल भट्टड़ ने किया। समारोह में आए अतिथियों का हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी के अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ल, महासचिव एम. ए. सरवर, सहमंत्री कन्हैया कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वागत किया।समारोह में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस भाषाई अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ तथा हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी के पदाधिकारी एवं सदस्य, हिंदी प्रेमी, पत्रकार, साहित्यकार, लेखक, कवि और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। तेलंगाना के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

Related

JAUNPUR 6606588480854799004

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item