नव दुर्गा मंदिर पर बैठकर कर शिक्षकों ने नोएडा अधिवेशन के लिए बनाई रणनीति
जौनपुर। रविवार को सद्भावना पुल के पास नव दुर्गा मंदिर पर शिक्षा मित्र पद पर सेवा देने के पश्चात सहायक अध्यापक बने शिक्षकों ने बैठक कर नोएडा अधिवेशन में चलने के लिए रणनीति बनाई।
शिक्षक राजीव सिंह ने बताया कि प्रयागराज और गोरखपुर के अधिवेशन में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा विधान परिषद सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ने हम लोगों को पुरानी पेंशन के लिए जो आश्वासन दिया था उसे अमली जामा पहनाने के लिए दोनों लोग शासन स्तर पर सहमति बनाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं।
बीते 8 सितंबर को केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता वाली विधान परिषद की सर्वदलीय बैठक में उप मुख्यमंत्री जी ने प्रशासनिक अधिकारियों को इस मुद्दे पर जल्द निर्णय लेने को कहा है। विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 27 सितंबर को नोएडा में प्रस्तावित है। संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ जौनपुर इकाई के अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने आगामी अधिवेशन में शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में नोएडा चलने का आह्वान किया तथा सम्मेलन के लिए आर्थिक सहयोग भी करने को कहा।
इससे पूर्व आज की बैठक में सर्वप्रथम प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुचरण की माता जी के आकस्मिक निधन पर उपस्थित शिक्षकों ने मृतक आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।बैठक में कोषाध्यक्ष रामनारायण यादव ने प्राप्त सहयोग राशि किन मदों में खर्च की गई उसे सभी को पढ़कर सुनाया।
इस बैठक में आशीष श्रीवास्तव, राजीव सिंह, सुनील मौर्य, कामाख्या नारायण राय, रामचंद्र पाल,लाल मणि यादव,लीलाधर पटेल,छोटे लाल कन्नौजिया,गिरीश कुमार भारतीय, हरीराम यादव, रामनारायण यादव,पंधारी यादव आदि मौजूद रहे।

