करंजाकला बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग, ईंट-भट्ठा कारोबारी को सीने में लगी गोली

थार और स्कार्पियो सवार हमलावरों ने स्विफ्ट डिजायर रोककर बरसाईं गोलियां, किशोर भी घायल; वारदात के बाद बाजार में मची भगदड़

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब थार और स्कार्पियो सवार हमलावरों ने ईंट-भट्ठा कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। दुर्गा माता मंदिर के सामने हुई फायरिंग में बबरखा गांव निवासी विपिन यादव (32) के सीने में गोली लगी, जबकि उसके साथ मौजूद 16 वर्षीय अंश के घुटने में गोली जा लगी। अचानक हुई गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार में भगदड़ मच गई। दहशत में दुकानदारों ने आनन-फानन अपनी दुकानें बंद कर दीं।


बताया गया कि बबरखा गांव निवासी विपिन यादव पुत्र मेहीलाल यादव बुधवार रात अपने साथियों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से करंजाकला बाजार आया था। इसी दौरान थार और स्कार्पियो सवार हमलावरों ने उसकी कार को रोक लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार राउंड गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई है। गोलीबारी में विपिन के सीने और अंश के घुटने में गोली लग गई।


फायरिंग के बाद हमलावरों में अफरातफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद थार सवार हमलावर जौनपुर की ओर, जबकि स्कार्पियो सवार मल्हनी बाजार की तरफ भाग निकले। इधर खून से लथपथ दोनों घायलों को उनके साथियों ने तत्काल उसी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।


चार गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा बाजार


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय बाजार में अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। कुछ ही क्षण में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। देखते ही देखते बाजार की कई दुकानें बंद हो गईं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के खुलासे के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।


पुलिस के मुताबिक, गोली लगने से घायल विपिन यादव के खिलाफ पूर्व में हत्या का मुकदमा दर्ज रहा है। बताया जा रहा है कि करीब पांच वर्ष पूर्व वह हत्या के एक मामले में जेल भी गया था और कुछ माह पहले ही जेल से बाहर आया है। ऐसे में पुलिस घटना को उसके पुराने आपराधिक इतिहास और संभावित रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है।


फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। बाजार में हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Related

JAUNPUR 1496271998568983342

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item