सत्य हरिश्चंद्र संस्कृति महोत्सव में जुटेंगे देश के नामचीन कलाकार

 जौनपुर में सात दिन तक धर्म-अध्यात्म, साहित्य-संस्कृति और समाज संवाद का होगा आयोजन

जौनपुर। जौनपुर में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक ‘सत्य हरिश्चंद्र संस्कृति महोत्सव एवं समाज संवाद-2026’ का आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय इस आयोजन में धर्म-अध्यात्म, साहित्य-संस्कृति, इतिहास और समाज संवाद के साथ देश के कई नामचीन कलाकार अपनी कला की प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे।


महोत्सव के अंतिम तीन दिन जौनपुर में विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दोपहर में टीडी कॉलेज (इंटर) के सभागार में समाज संवाद होगा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों के जाने-माने व्यक्तित्व शामिल होंगे। वहीं शाम को गोमती नदी के किनारे मां आदि गंगा की गोद में संगीत, नृत्य और अन्य ललित कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजकों के अनुसार इन कार्यक्रमों के माध्यम से जौनपुर की राग-रागिनियों और सांस्कृतिक परंपरा को देश के व्यापक सांस्कृतिक परिदृश्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।


महोत्सव के संगीत कार्यक्रम में पद्मश्री उमाकांत गुंडेचा ध्रुपद गायन, पद्मश्री अनूप जलोटा भक्ति संगीत, कमल साबरी सारंगी वादन और फजल कुरैशी तबला वादन की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा गुरु गजेंद्र कुमार पंडा ओडिसी नृत्य, राम शंकर सुगम संगीत, अमीनुद्दीन नसीमुद्दीन डागर ध्रुपद गायन और रागिनी सरना व सुचरिता गुप्ता सुगम संगीत की प्रस्तुतियां देंगी।


इसी क्रम में संगीता शंकर-रागिनी शंकर वायलिन, अनुज अर्जुन मिश्रा कथक, राहुल देव मंडल भरतनाट्यम, सुब्रतो रायचौधरी तबला तथा संदीप मिश्रा-संगीत मिश्रा सारंगी वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। जौनपुर के अवनीश तिवारी भी सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगे।


ज़फराबाद के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भों को भी महोत्सव में प्रमुखता दी गई है। पहले चार दिनों के कार्यक्रम जौनपुर में आदि गंगा पूजन एवं आरती, जमैथा में भगवती तारा की स्थापना, ज़फराबाद के मनहेच किले पर राजकुमारी अनंगिता के उत्सर्ग के स्मृति पर्व तथा सगरेकोट, मछलीशहर में आस्तिक मुनि गर्भवास प्रसंग और नाग परिपथ की संकल्पना से जुड़े होंगे।


राजकुमारी अनंगिता की स्मृति में पद्मश्री डॉ. सोमा घोष के रिकॉर्ड किए गए गायन की प्रस्तुति भी महोत्सव का विशेष आकर्षण होगी।


आयोजकों के मुताबिक महोत्सव का उद्देश्य सनातन धर्म की वैश्विक समझ और स्थापना के साथ-साथ ज़फराबाद और जौनपुर के प्राचीन इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रसंगों का अध्ययन और गवेषणा करना है। सात दिनों तक चलने वाला यह आयोजन जौनपुर की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।


ओम प्रकाश, पत्रकार एवं सचिव, पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान, मुंबई ने बताया कि महोत्सव में देशभर से कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व्यक्तित्वों की भागीदारी होगी।

Related

JAUNPUR 5852086506871054930

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item