जौनपुर के स्वास्थ्य महकमे पर उठे गंभीर सवाल, मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग

 तबादलों से लेकर मर्चरी तक स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

शव वाहन खड़े, मर्चरी बदहाल और अवैध अस्पतालों के आरोपो के जांच की मांग

जौनपुर के स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल, अधिवक्ता विकास तिवारी व अतुल सिंह ने उठाई जांच की मांग

जौनपुर। जनपद के स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं, तबादलों में पारदर्शिता की कमी, अवैध अस्पतालों एवं पैथोलाजी केंद्रों के संचालन, शव वाहनों की बदहाल व्यवस्था तथा जिला अस्पताल की मर्चरी की दुर्दशा को लेकर मंगलवार को अधिवक्ता विकास तिवारी एवं अतुल सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित विभिन्न रिपोर्टो के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए हैं। इसमें सीएमओ कार्यालय से जारी स्थानांतरण एवं संबद्धता आदेशों की निष्पक्ष जांच, आदेशों के अनुपालन एवं कार्यमुक्ति की स्थिति की पड़ताल तथा कथित बिचौलियों की भूमिका की जांच की मांग की गई है।

ज्ञापन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बिना वैध पंजीकरण अथवा आवश्यक मानकों के संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलाजी एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों के विरुद्ध अभियान चलाकर जांच एवं विधिक कार्यवाही किये जाने की मांग भी की गई। साथ ही सरकारी चिकित्सकों द्वारा कथित अनाधिकृत निजी प्रैक्टिस के मामलों की भी जांच की मांग उठायी गयी।

अधिवक्ताओं ने जिला अस्पताल परिसर में उपलब्ध शव वाहनों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर तत्काल संचालित कराने तथा जिला अस्पताल की मर्चरी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की। ज्ञापन में मर्चरी के खराब उपकरणों, भवन की स्थिति एवं शवों के सम्मानजनक संरक्षण की व्यवस्था की भी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।

इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल परिसर में रखे सोलर पैनल, सर्जिकल बेड, आईसीयू उपकरण एवं अन्य कीमती चिकित्सकीय संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सरकारी संपत्ति की संभावित क्षति अथवा दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच में जो भी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति दोषी पाये जायें, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं विधिक कार्यवाही की जाए।

ज्ञापन के साथ समाचार पत्रों में प्रकाशित संबंधित खबरों की छायाप्रतियां भी संलग्न की गई।

उक्त अवसर पर प्रमुख रूप से विकास तिवारी,अतुल सिंह,अंकित यादव, नीरज पाठक, चंद्रेश यादव, रंजीत यादव ,देवेश मौर्य, निर्भय, वेदप्रकाश, आशीष , चंद्रपाल, नीरज यादव, शिवराज यादव, राहुल सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 8625372053999556879

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item