नालियों में गंदगी, सड़कों पर कूड़े का अंबार, पेयजल भी बदहाल

 सपा ने नगर पालिका पर लगाया उपेक्षा का आरोप, ईओ को सौंपा ज्ञापन; महिला सभा ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर क्षेत्र में बदहाल सफाई व्यवस्था, जर्जर नालियों, खराब सड़कों और पेयजल संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को सपा प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका परिषद जौनपुर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रहीं उषा जायसवाल के नेतृत्व में महिला सभा के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

उषा जायसवाल ने आरोप लगाया कि नगर के कई वार्डों और मोहल्लों में नालियां व सड़कें बदहाल हैं। नालियों में मलबा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को समुचित और स्वच्छ पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। नगर पालिका क्षेत्र में पूर्व में स्थापित सार्वजनिक शौचालय भी अब कई स्थानों से गायब हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण महिलाओं के सामने खुले में शौच की मजबूरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह रोम जल रहा था और शासक नीरों बांसुरी बजा रहा था, उसी तरह नगर की समस्याओं के बीच नगर पालिका के जिम्मेदार लोग उदासीन बने हुए हैं।

उषा जायसवाल ने सद्भावना पुल के बगल स्थित गोपी घाट की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घाट पर महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम और शौचालय का लोग पेशाब करने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। घाट पर सुरक्षा के नाम पर भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि हनुमान घाट की तरफ का इलाका शाम होते ही शराबियों का अड्डा बन जाता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते सफाई, पेयजल, शौचालय, घाटों की सुरक्षा और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी की महिला सभा बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के घेराव की भी चेतावनी दी गई।

आंदोलन में प्रदेश सचिव सुशील दुबे, सदर विधानसभा अध्यक्ष महिला सभा सुशील यादव, सदर विधानसभा महासचिव पूनम यादव, राधिका यादव, नगर अध्यक्ष महिला सभा सोनी सेठ, सबीना बेगम, मीरा यादव, पूनम निषाद, निशा निषाद, अनवाउल हक, गुलजीत विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, संजीव साहू, मोनू सोनकर, मनोज जायसवाल, राजेश यादव, सिराज अहमद, पूर्व नगर अध्यक्ष कमालुद्दीन अंसारी, शाहिद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related

डाक्टर 8824093803446351078

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item