आदमपुर शिव मन्दिर के पास शराब की दुकान खुलने से भड़का जनाक्रोश
दिन भर लगा रहता है अवांछनीय तत्वों का जमावड़ा
ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान खुलते ही आस—पास शराबियों का जमावड़ा शुरू हो जाता है। कई बार लोग शराब पीने के बाद मंदिर परिसर तक पहुंच जाते हैं और खुले में मदिरापान करते हैं। इससे मंदिर की पवित्रता भंग हो रही है और पूजा-अर्चना के लिए आने वाली महिलाओं व श्रद्धालुओं को असहज स्थितियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह शराब की दुकान मूल रूप से बदलापुर तहसील के बरबसपुर गांव के लिए आवंटित की गई थी। वहां के ग्रामीणों द्वारा कड़ा विरोध किए जाने के बाद इसे आदमपुर स्थित शिव मंदिर के पास खोल दिया गया जिससे जनआक्रोश और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग किया कि जनभावनाओं और धार्मिक स्थल की गरिमा का सम्मान करते हुए दुकान को किसी उपयुक्त स्थान पर भेजा जाए। साथ ही मंदिर परिसर के आस—पास सार्वजनिक रूप से मदिरापान करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।

