बारिश ने छीना आशियाना, कच्चा मकान गिरा तो चपेट में आया पक्का घर, गृहस्थी मलबे में दबा
https://www.shirazehind.com/2026/09/blog-post_286.html
मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र में गुरुवार को हुई भारी बारिश ने आशापुर सिरौली गांव में एक परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया। दोपहर करीब 3 बजे बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। कच्चे मकान के मलबे की चपेट में आने से सुधाकर फूलचन्द शर्मा का पक्का मकान भी धराशायी हो गया। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आस—पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि मकान गिरने से परिवार की पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई। पीड़ित परिवार के मुताबिक मकान के मलबे में अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई सहित घरेलू उपयोग का अन्य जरूरी सामान दब गया। बारिश के कारण मलबे में दबा सामान भी खराब हो गया। परिवार के सामने अब रहने के लिए सुरक्षित स्थान की समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा मकान नहीं है। ऐसे में परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। लगातार बारिश के बीच परिवार को बच्चों और जरूरी सामान की सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर राजस्व टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराने की मांग किया है। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, खाद्यान्न एवं अस्थायी रूप से रहने के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गयी है। पीड़ित परिवार ने भी प्रशासन से जल्द मदद की गुहार लगाई है, ताकि बारिश के इस मौसम में उन्हें सुरक्षित छत मिल सके।

