दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडाल से विसर्जन स्थल तक सुरक्षा का खाका तैयार

डीएम ने दिए सख्त निर्देश—विसर्जन मार्ग मोटरेबल रखें, बिजली के तार दुरुस्त हों, पंडालों में फायर सेफ्टी की जांच होगी

जौनपुर। दुर्गापूजा को लेकर जौनपुर प्रशासन ने कमर कस ली है। पंडालों से लेकर विसर्जन स्थलों तक सुरक्षा, बिजली, सड़क, सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। लापरवाही की गुंजाइश न छोड़ते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने को कहा गया है।

देर शाम प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की मौजूदगी में दुर्गापूजा समिति के पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें दुर्गापूजा आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए एक-एक व्यवस्था पर मंथन किया गया। समितियों के पदाधिकारियों ने भी आयोजन को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सुझाव रखे।

विसर्जन मार्ग से बिजली के तार तक सब होगा दुरुस्त
डीएम ने निर्देश दिया कि विसर्जन स्थलों पर लटकते या जर्जर विद्युत तारों समेत अन्य कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। विसर्जन और पूजा स्थलों तक जाने वाले मार्गों को हर हाल में आवागमन योग्य यानी मोटरेबल रखा जाए। अधीक्षण अभियंता विद्युत और लोक निर्माण विभाग को दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर सड़क और बिजली से जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान कराने को कहा गया।

पंडालों में फायर सेफ्टी पर विशेष नजर
दुर्गापूजा पंडालों में अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्तर पर सुरक्षा से समझौता न हो और संबंधित अधिकारी व्यवस्थाओं का प्रभावी निरीक्षण करें।

मोबाइल टॉयलेट, पानी और सफाई की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था
प्रमुख पूजा स्थलों और जरूरी स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट, पेयजल और वाटर टैंक की पर्याप्त व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं की भीड़ के दौरान मूलभूत सुविधाओं को बनाए रखने पर रहेगा।

नई परंपरा शुरू करने पर साफ रोक
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि दुर्गापूजा के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। सभी आयोजन पूर्व से चली आ रही व्यवस्थाओं और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही कराए जाएंगे। अधिकारियों और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

समस्या दिखे तो तत्काल समाधान
डीएम ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ काम करें। आयोजन के दौरान कहीं भी समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, अग्निशमन और विसर्जन स्थलों की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

गांधी जयंती को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा
इसी क्रम में दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के आयोजन की तैयारियों को लेकर भी बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण के साथ रामधुन और विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और गांधी जयंती के कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अश्वस्थ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और दुर्गापूजा समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related

गाजीपुर 4964429409323295583

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item