शिक्षक समाज की रीढ़, गुरु का स्थान कोई नहीं ले सकता : क्षितिज शर्मा
लायन्स क्लब जौनपुर मेन ने 42वें शिक्षक सम्मान समारोह में पांच शिक्षकों को किया सम्मानित
जौनपुर। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण कर उन्हें देश का सच्चा नागरिक बनाने वाला राष्ट्र निर्माता है। तकनीक के इस दौर में भी गुरु के स्थान की कोई भरपाई नहीं कर सकता। यह बातें लायन्स क्लब जौनपुर मेन के 42वें शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि जीएटी एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा ने कहीं।शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को होटल रघुवंशी, ओलंदगंज में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. क्षितिज शर्मा और विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। साक्षी मिश्रा ने गणेश वंदना और पूजा कुशवाहा ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की। संस्थाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच शिक्षकों को अंगवस्त्रम, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रवि प्रकाश, जनक कुमारी इंटर कॉलेज के विपनेश श्रीवास्तव, प्राथमिक विद्यालय सलहदीपुर करंजाकला के प्रधानाध्यापक संजय सिंह, कंपोजिट विद्यालय जमालपुर मछलीशहर के विज्ञान शिक्षक डॉ. संतोष कुमार तिवारी तथा मेडिकल कॉलेज की प्रो. डॉ. साधना अजय शामिल रहीं।
योगेश साहू, सुशील अग्रहरी, ऋषि श्रीवास्तव और हर्षित गुप्ता ने सम्मानित होने वाले शिक्षकों का परिचय प्रस्तुत किया।
विशिष्ट अतिथि दिनेश टंडन ने कहा कि लायन्स क्लब द्वारा लगातार 42 वर्षों से शिक्षकों को सम्मानित किया जाना अनुकरणीय परंपरा है। शिक्षक समाज की रीढ़ है और शिक्षक का सम्मान वास्तव में पूरे समाज का सम्मान है।
कार्यक्रम का संचालन सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने किया। इस अवसर पर डॉ. वीएस उपाध्याय, आरपी सिंह, सचिव रितेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मौर्य, संगीता श्रीवास्तव, सोमेश्वर केसरवानी, मदन गोपाल गुप्ता, परमजीत सिंह, संदीप गुप्ता, संजय सिंघानिया, हर्षित रंजन, नीलू सेठ, डॉ. एमएम वर्मा, पवन वर्मा, रिशभ रंजन, आस्था मिश्रा सहित शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

