दहेज में तीन लाख नहीं मिला तो विवाहिता को मारपीट कर निकाल दिया घर से बाहर
मछलीशहर थाना क्षेत्र के थालोई गांव की नेहा पुत्री फूलचंद ने 25 सितंबर को महिला थाने पर तहरीर देकर बताया कि शादी 7 मई 2018 को मछ्ली शहर थाना क्षेत्र के कोल्हारा गांव निवासी सूरज गौतम के साथ हुई थी। नेहा के पिता मूलचंद्र ने दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर समेत घरेलू सामान दिया था। नेहा की एक पांच वर्षीय बेटी तनु भी है।
आरोप है कि बेटी तनु के जन्म के बाद से पति सूरज, ससुर गुलाब चंद्र, सास अनार कली व ननद अंजली दहेज कम मिलने का ताना मारते हुए मारपीट करने लगे। 30 मई 2026 को सुलह के बाद वह फिर ससुराल गई, लेकिन 1 जून 2026 की सुबह 6 बजे पति सूरज ने तीन लाख रुपये और लाने की मांग की। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्कों से पीटा और ससुराल वालों ने मिलकर जान से मारने की धमकी देकर नेहा को घर से निकाल दिया। नेहा के तहरीर पर उसके पति सूरज, सास अनार कली समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

