रात में सड़कों पर निकले डीएम, शहर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सद्भावना पुल से शुरू हुआ निरीक्षण, शाही किला-अटाला मस्जिद से लेकर रेलवे स्टेशन और लाइन बाजार तक पहुंचे जिलाधिकारी
जौनपुर। शहर की सड़कों और नगरीय व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. बीती रात अचानक निरीक्षण पर निकल पड़े। सद्भावना पुल से शुरू हुआ उनका दौरा शाही किला, अटाला मस्जिद, जिला अस्पताल, जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन, शकरमंडी, मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, कोतवाली क्षेत्र, सिपाह, कलेक्ट्रेट और लाइन बाजार समेत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों तक पहुंचा। डीएम ने मौके पर सड़कों की स्थिति, गड्ढों, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी समेत अन्य नगरीय व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।रात के समय प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर डीएम ने यह भी देखा कि आमजन के आवागमन में कहीं कोई परेशानी तो नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सड़क पर मौजूद गड्ढों और जल निकासी जैसी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सड़कों की स्थिति में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए और आमजन की सुविधा तथा सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, प्रकाश और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध ढंग से समाधान कराया जाए।
डीएम ने चेतावनी दी कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करते पाए गए तो जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जल निगम के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जौनपुर, पीडब्ल्यूडी व नगर पालिका के अवर अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
डीएम के रात में शहर के प्रमुख मार्गों पर निकलकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने से संबंधित विभागों में भी सक्रियता बढ़ गई। निरीक्षण के बाद अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के अनुपालन और सड़कों एवं नगरीय व्यवस्थाओं में सुधार पर अब निगाह रहेगी।

