चौरी चौरा से निकली ‘जेन जी कनेक्ट साइकिल यात्रा’ पहुंची जौनपुर,युवाओं ने बुलंद की आवाज

 गांधी और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

जौनपुर। रोजगार, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता समेत युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर गोरखपुर के चौरी चौरा से 20 अगस्त को निकली ‘जेन जी कनेक्ट साइकिल यात्रा’ मंगलवार को जौनपुर पहुंची। गांधी तिराहे पर कांग्रेस नेता विकेश उपाध्याय ‘विक्की’ , बीआरएस नेता हिमांशु तिवारी के नेतृत्व में यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल सदस्यों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद यात्रियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


गांधी तिराहे से आगे बढ़ी यात्रा दीवानी तिराहे पहुंची, जहां यात्रियों ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद साइकिल यात्रा टीडी पीजी कॉलेज होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान युवाओं ने शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक किया तथा अपने अभियान का संदेश दिया।


  टीम के सदस्य प्रियेश कुमार बताया कि जेन जी कनेक्ट यात्रा और जस्टिस मार्च के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए 10 सूत्रीय मांगें उठाई जा रही हैं। अभियान का मुख्य जोर सरकारी भर्तियों में तेजी, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर है।

अभियान के तहत मांग की गई है कि हर साल भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए और सभी प्रतियोगी परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराई जाएं। युवाओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में अनिश्चितता के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का समय और अवसर दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


इसके साथ ही सभी खाली सरकारी पदों को तत्काल भरने और लंबे समय से रुकी भर्तियों तथा नियुक्तियों को शीघ्र शुरू करने की मांग की गई है। अभियान में कहा गया है कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती होने से जहां युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं विभागों के कामकाज में भी तेजी आएगी।


यात्रा के दौरान परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मांग की गई कि नॉर्मलाइजेशन की व्यवस्था खत्म की जाए और प्रत्येक अभ्यर्थी को उसका स्कोर कार्ड उपलब्ध कराया जाए, ताकि परीक्षा परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों के बीच किसी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।


10 सूत्रीय मांगों में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग भी शामिल है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर समय-समय पर उठने वाले सवालों के बीच परीक्षा प्रणाली में अभ्यर्थियों का विश्वास कायम करने के लिए व्यापक सुधार जरूरी हैं।


अभियान में नई शिक्षा नीति-2020 को वापस लेने की मांग भी उठाई गई है। इसके अलावा ठेका और संविदा प्रथा को समाप्त कर समान काम के लिए समान वेतन लागू करने की मांग की गई है।


निजी स्कूलों की फीस को लेकर भी अभियान में सवाल उठाया गया है। मांग की गई कि निजी विद्यालयों की फीस की अधिकतम सीमा सरकार द्वारा निर्धारित की जाए, ताकि अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। वहीं सभी शोधार्थियों के लिए समान फेलोशिप निर्धारित करने की मांग भी 10 सूत्रीय एजेंडे में शामिल है।


यात्रा में सबसे प्रमुख मुद्दों में पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में धांधली के खिलाफ आवाज उठाना शामिल रहा। अभियान के माध्यम से मांग की गई कि पेपर लीक तथा भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों और शिक्षकों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं।


अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े भर्ती और परीक्षा तंत्र में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया को स्पष्ट और भरोसेमंद बनाया जाना चाहिए।


चौरी चौरा से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा जौनपुर में युवाओं के सवालों को आवाज देते हुए आगे बढ़ी। गांधी और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद नगर भ्रमण के दौरान यात्रा ने शिक्षा, रोजगार और परीक्षा सुधार के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।


इस मौके पर मुख्य रूप से अनुराग राय, संदीप सोनकर (युवक कांग्रेस ), अमरजीत (प्रगतिशील मानव समाज पार्टी), शिराज, सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Related

JAUNPUR 2492220042096681442

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item