डीएम के निरीक्षण में खामियां मिलीं तो ठेकेदार पर गिरी गाज
सीसी रोड के निर्माण में मिली कमियां, नोटिस जारी कर अंतिम बिल से कटौती के निर्देश
जौनपुर। नगर पंचायत कचगांव में रविवार को विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान सीसी रोड के कार्य में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा अंतिम बिल से कटौती करने के निर्देश दिए। डीएम की कार्रवाई से निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वालों में हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत क्षेत्र में सीसी रोड, सीसी नाला, डिजिटल लाइब्रेरी और पेयजल से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यों की गुणवत्ता और उनकी उपयोगिता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डिजिटल लाइब्रेरी में भी मिली कमियां
सीएमवाई योजना के अंतर्गत गोल कोठी के पास संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए डीएम ने विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ की नियुक्ति कर लाइब्रेरी को शीघ्र संचालित कराने को कहा।
माधोपट्टी गेट के पास स्थित लाइब्रेरी के निरीक्षण में खिड़की की फिटिंग दुरुस्त कराने तथा चारों तरफ बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को कहा।
नाला निर्माण और पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा
जिलाधिकारी ने नाला निर्माण तथा प्रत्येक घर को नाली से जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मझलेपुरा नाला से सभी घरों को जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य नालों को सीसी के माध्यम से बनवाने के लिए भी निर्देशित किया।
पेयजल योजना के तहत कराए गए सभी रिबोर कार्यों की जीपीएस फोटो के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता और उपयोगिता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ठ, अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

