समाधान दिवस में डीएम का सख्त संदेश—कागजी निस्तारण नहीं, मौके पर जाकर करें शिकायतों का समाधान

 केराकत में 266 शिकायतें पहुंचीं, 28 का मौके पर निस्तारण

जौनपुर। तहसील केराकत के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी के समक्ष राजस्व, भूमि विवाद, कब्जा, पुलिस, विद्युत और विकास समेत विभिन्न विभागों से संबंधित 266 शिकायतें पहुंचीं। इनमें से 28 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर प्रकरण की वास्तविक स्थिति की जांच करें और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के साथ निस्तारण आख्या भी समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हरदासीपुर निवासी पूनम सिंह ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर अपनी जमीन पर कब्जा दिलाए जाने का अनुरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण करने का निर्देश दिया।

मुर्तजाबाद निवासी सुभाष यादव ने शिकायत की कि ग्राम सभा के गड्ढे की आराजी संख्या 153 को खुदवाकर उसमें पूर्व की तरह गंदा पानी बहाया जाए, ताकि उनके घर के सामने पानी न बहे। जिलाधिकारी ने मामले में नायब तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई कर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बासवारी निवासी मंजू देवी ने दानपत्र के आधार पर निष्पादित अपने अंश पर निर्माण कार्य कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान मतदाता सूची को लेकर भी विशेष कैंप आयोजित किया गया। ऐसे मतदाता, जिनका नाम 10 अप्रैल 2026 को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में किसी कारणवश शामिल होने से छूट गया है, उनसे फार्म-6 भरवाने की जानकारी दी गई। मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए फार्म-8 तथा मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली से हटाने के लिए फार्म-7 भरवाने के संबंध में जनसामान्य को जागरूक किया गया। कैंप में प्राप्त फार्म-6, 7 और 8 का विवरण भी दर्ज किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया, अपर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम समेत अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 8930665520984529237

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item