तेज आंधी-बारिश से धान की फसल गिरी, किसानों को हुआ भारी नुकसान
https://www.shirazehind.com/2026/09/blog-post_987.html
मक्का एवं सब्जियों की खेती भी प्रभावित, किसानों ने की मुआवजे की मांग
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और तेज आंधी से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेतों में पककर तैयार होने की कगार पर पहुंची धान की अगैती फसल तेज हवा के कारण जमीन पर गिर गई। इससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है।स्थानीय थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव के पास सड़क किनारे खेतों में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी थी। किसान जल्द ही इसकी कटाई करने की तैयारी में थे लेकिन अचानक तेज बारिश और हवा के कारण फसल खेतों में गिर गई। कई स्थानों पर धान की बालियां पानी और कीचड़ में दब गई हैं। इससे दाने खराब होने तथा उत्पादन प्रभावित होने की चिंता किसानों को सताने लगी है।
क्षेत्र के दर्जनों गांवों में धान के साथ मक्का और सब्जियों की खेती भी बारिश से प्रभावित हुई है। खेतों में पानी भरने से सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों का कहना है कि महीनों की मेहनत के बाद तैयार हुई फसल पर मौसम की मार पड़ने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी।
किसानों ने बताया कि खेती में पहले ही लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में तैयार फसल खराब होने से उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर फसलों के नुकसान का आकलन कराने तथा नियमानुसार सहायता दिलाने की मांग किया है। वहीं किसान अब मौसम साफ होने की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि खेतों में गिरी फसल को जल्द से जल्द बचाया जा सके।

