होटल में चल रही थी MDMA बनाने की फैक्ट्री, चार गिरफ्तार
317 ग्राम तैयार और 660 ग्राम अर्धनिर्मित MDMA बरामद, डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ व सामग्री मिलने का दावा
जौनपुर। केराकत कस्बे के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में कमरा लेकर मादक पदार्थ एमडीएमए (MDMA) बनाने और उसकी तस्करी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। केराकत थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपित होटल में एमडीएमए तैयार कर रहे थे। उनके कब्जे से 317 ग्राम निर्मित एमडीएमए, 660 ग्राम अर्धनिर्मित एमडीएमए, निर्माण में प्रयुक्त उपकरण व रसायन, 9500 रुपये नकद और दो चार पहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और सामग्री की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आठ सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि केराकत स्टेशन रोड स्थित ग्रांड वेलकम रेस्टोरेंट/होटल में कुछ लोग एमडीएमए का अवैध निर्माण कर रहे हैं। सूचना पर केराकत पुलिस और स्वाट टीम ने होटल में दबिश दी। मौके पर चार लोग एमडीएमए तैयार करते मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शशांक मौर्या उर्फ सम्राट उर्फ लालू निवासी सैदनपुर, थाना लाइन बाजार, सुनील सोनकर निवासी मछली गली नरहन, थाना केराकत, राहुल सोनकर निवासी मोहल्ला शेखजादा, थाना केराकत और शिवशंकर कुमार निवासी मुड़ैला, थाना चंदवक के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से एमडीएमए निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और सामग्री बरामद की है। इनमें लोहे की छड़ वाला स्टैंड, मिक्सर मशीन, बिजली के हीटर, बड़े शीशे के जार, शीशे की ट्रे, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, प्लास्टिक के मग, ड्रम और रासायनिक सामग्री से भरे डिब्बे शामिल हैं। इसके अलावा करीब 1.8 किलोग्राम सफेद पाउडर और लगभग 201 ग्राम अन्य सामग्री भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने मौके से UP62CZ7435 और UP14BP3789 नंबर के दो चार पहिया वाहन भी कब्जे में लिए हैं। आरोपितों के पास से 9500 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केराकत थाने में मु0अ0सं0 368/2026, धारा 8/21/22C/25A/27A/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि एमडीएमए तैयार करने के लिए सामग्री कहां से मंगाई जाती थी और तैयार मादक पदार्थ की सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में केराकत पुलिस और प्रभारी स्वाट टीम यजुवेन्द्र सिंह समेत स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

