जौनपुर में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेगा विशेष कैंप, महिला-युवा मतदाताओं पर जोर
तीन दिन में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन का प्रस्ताव देने का निर्देश, 12 नवंबर को जारी होगी मतदाता सूची की ड्राफ्ट कॉपी
जौनपुर। आगामी विधानसभा एवं अन्य निर्वाचन संबंधी तैयारियों के मद्देनजर मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 17 और 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर मिलेगा। खासतौर पर महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन) और निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराकर आगामी तीन दिनों के भीतर प्रस्तावित सूची उपलब्ध कराएं, ताकि समय से जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा सके।
बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलए, नए मतदाताओं को मिलेगा मौका
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा रहे हैं। इसके लिए 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित होंगे।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को भी इन कैंपों में उपस्थित रहने के निर्देश दें। इससे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों की पहचान करने और पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराने में मदद मिलेगी।
12 नवंबर को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण की समय-सारिणी की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची की प्रारूप सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को निर्धारित किया गया है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तय समय-सारिणी के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े।
महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद का वर्तमान जेंडर रेशियो 859 है। इसे बढ़ाने के लिए उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और संबंधित अधिकारियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटी महिलाओं और युवाओं का अधिक से अधिक ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाकर पंजीकरण कराया जाए।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। साथ ही मतदाता पंजीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

