जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स की ट्रेनिंग शुरू, 40 सवालों की बारीकियां समझीं, मोबाइल एप पर भी कराया जाएगा अभ्यास

 

जौनपुर। जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार से प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, प्रपत्रों में सूचनाएं दर्ज करने और मोबाइल एप के इस्तेमाल की बारीकियां समझाई गईं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम पांच से 10 अक्टूबर तक सुबह नौ से शाम छह बजे तक दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की भूमिका, परिवार एवं आवास से संबंधित विवरणों का सत्यापन, सूचनाओं का सही संकलन और फील्ड में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

40 सवालों पर विशेष फोकस

जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले सभी 40 सवालों को प्रशिक्षण का अहम हिस्सा बनाया गया है। मास्टर ट्रेनर्स प्रत्येक सवाल का उद्देश्य, उसे पूछने का सही तरीका और मिले जवाब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज करने की जानकारी दे रहे हैं। वास्तविक परिस्थितियों के उदाहरण देकर फील्ड में आने वाली संभावित दिक्कतों को भी समझाया जा रहा है।

प्रशिक्षण में मोबाइल एप के संचालन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को एप पर स्वयं अभ्यास कराया जाएगा, ताकि फील्ड में काम करते समय तकनीकी दिक्कतों का सामना न करना पड़े। किसी जवाब को समझने अथवा दर्ज करने में भ्रम की स्थिति बनने पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करने की जानकारी भी दी जा रही है।

सटीक आंकड़े ही बनेंगे विकास की मजबूत नींव

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक और विकास संबंधी नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करती है। ऐसे में जनगणना के प्रत्येक स्तर पर सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें और आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को भी सरल और स्पष्ट तरीके से प्रशिक्षित करें। फील्ड में किसी भी प्रकार की समस्या या शंका सामने आने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उसका समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

चार मास्टर ट्रेनर्स ने समझाईं बारीकियां

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण संचालित हो रहा है। मास्टर ट्रेनर्स अजय कुमार मौर्या, उमेश मिश्रा, कमलेश कुमार यादव और आशुतोष शर्मा ने फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी शंकाएं भी रखीं, जिनका मास्टर ट्रेनर्स ने समाधान किया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जौनपुर, जनगणना से जुड़े अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related

डाक्टर 4677378318510574105

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item