सेवा संकल्प अभियान में छात्रों ने रील के जरिए साझा कीं प्रधानमंत्री के जीवन की प्रेरक कहानियां
गांधी स्मारक पीजी कॉलेज समोधपुर में डिजिटल एवं रील अभियान का आयोजन
समोधपुर, जौनपुर। गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को डिजिटल एवं रील अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में छात्र-छात्राओं ने रचनात्मक डिजिटल प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियों को सामने रखा।
अभियान के संयोजक डॉ. लालमणि प्रजापति के निर्देशन में 25 छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के जनप्रतिनिधित्व काल से जुड़ी 25 प्रेरणादायी कहानियों को केंद्र में रखकर रील तैयार की। छात्रों ने डिजिटल माध्यम का रचनात्मक इस्तेमाल करते हुए उनके जीवन के विभिन्न पक्षों और सार्वजनिक जीवन की यात्रा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर अरविंद कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, सार्वजनिक जीवन की यात्रा और विभिन्न उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में उनके राजनीतिक सफर तथा नेतृत्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
डॉ. अविनाश कुमार वर्मा और डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी ने भी प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के रचनात्मक और जागरूकता आधारित उपयोग के लिए प्रेरित किया।
सेवा संकल्प अभियान के सह-संयोजक विकास कुमार यादव एवं जितेंद्र कुमार ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. पंकज सिंह, डॉ. नीलमणि सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अभियान को सफल बनाया।

