जौनपुर के 21 विकास खंडों में गठित होंगी क्लीनिंग टास्क फोर्स, हर शनिवार चलेगा विशेष सफाई अभियान
सीडीओ नरेंद्र बहादुर सिंह ने त्रिलोचन महादेव परिसर से किया अभियान का शुभारंभ, पांच सफाईकर्मी सम्मानित
जौनपुर। जिले को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह की पहल पर विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत जनपद के सभी 21 विकास खंडों में 50-50 सफाईकर्मियों की क्लीनिंग टास्क फोर्स (सीटीएफ) गठित की गई है। यह टास्क फोर्स प्रत्येक शनिवार को अपने-अपने विकास खंड के चिह्नित सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करेगी। अभियान का शुभारंभ सोमवार को विकास खंड जलालपुर के त्रिलोचन महादेव परिसर में किया गया। इस अवसर पर पांच सफाईकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि स्वच्छ जौनपुर, स्वस्थ जौनपुर की परिकल्पना को साकार करने के लिए विकास खंडों के ग्राम पंचायतों और राजस्व ग्रामों में सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से क्लीनिंग टास्क फोर्स का गठन किया गया है। संबंधित विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को टास्क फोर्स का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
सीडीओ ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शनिवार को अपने-अपने विकास खंड में चिह्नित सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। अभियान के तहत नालियों, खड़ंजों, संपर्क मार्गों, पंचायत भवनों, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अथवा जिला स्तरीय अधिकारियों के भ्रमण और निरीक्षण के दौरान किसी ग्राम पंचायत में गंदगी पाए जाने पर संबंधित विकास खंड की क्लीनिंग टास्क फोर्स तत्काल सक्रिय होकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करे। इसका उद्देश्य गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाना और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखना है।
इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन की इस पहल के जरिए ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई को नियमित और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

