23 अक्टूबर को होगा स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव का मतदान

 जौनपुर में 67,172 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर, विवाह के बाद जौनपुर में रहने वाली महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश

जौनपुर। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। जौनपुर में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 67,172 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 60,396 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 6,776 मतदाता शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रगति की जानकारी दी।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी हुई थी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित थी। मतदान 23 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को वाराणसी की पहड़िया मंडी स्थित लाल बहादुर शास्त्री कृषि उत्पादन मंडी समिति में कराई जाएगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न की जानी है।


22 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 90 मतदेय स्थल

जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 22 मतदान केंद्रों पर 68 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 22 मतदान केंद्रों पर 22 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 22 मतदान केंद्रों पर 90 मतदेय स्थल निर्धारित हैं।


मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके लिए 90 पीठासीन अधिकारियों और 270 मतदान अधिकारियों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त 22 पीठासीन अधिकारी और 66 मतदान अधिकारी आरक्षित रखे गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल तैनाती की जा सके। मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण 10, 16 और 22 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है।


360 पुलिसकर्मियों की उपलब्धता, 50 आरक्षित

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की उपलब्धता 360 रखी गई है, जबकि 50 पुलिसकर्मी आरक्षित रहेंगे। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए 22 माइक्रो ऑब्जर्वर और आठ आरक्षित माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था की गई है।


इसके साथ ही निर्वाचन कार्यों के प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और पांच आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट और तीन आरक्षित जोनल मजिस्ट्रेट तथा दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। मतदान के दिन आवश्यकतानुसार सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।


मतदाता सूची में नाम नहीं तो प्रारूप-6 से करें आवेदन

पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, अपमार्जित करने और प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रगति की जानकारी भी दी। उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि यदि किसी योग्य मतदाता का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है अथवा सूची से विलोपित हो गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रारूप-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है।


मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ अथवा वोटर्स हेल्पलाइन और ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।


जिलाधिकारी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की जांच अवश्य कर लें। यदि नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो समय रहते आवेदन करें, ताकि नियमानुसार उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।


प्रदेश के औसत से नीचे है जौनपुर का जेंडर रेशियो

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद की मतदाता सूची का जेंडर रेशियो 858 है, जो प्रदेश के औसत से कम है। इस स्थिति में सुधार लाने और महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने खास तौर पर उन महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया, जो विवाह के बाद दूसरे स्थान से जौनपुर आकर निवास करने लगी हैं। ऐसी महिलाओं का नाम नियमानुसार मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और तहसील प्रशासन के अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के अवसर से वंचित न रहे। इसके लिए नागरिकों को अपनी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम की जांच करने और जरूरत पड़ने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।


Related

JAUNPUR 2537352389640905890

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item