पूर्व सांसद कमला प्रसाद सिंह की 92वीं जयंती पर बांटी गई पाठ्य सामग्री और फल
https://www.shirazehind.com/2026/10/92.html
बदलापुर/जौनपुर। पूर्व सांसद स्व. कमला प्रसाद सिंह की 92वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को घनश्यामपुर की दलित बस्ती में सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की गई। उनके पौत्र अभिनव सिंह साहिल ने बस्ती के बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की, जबकि बुजुर्गों को फल देकर उनका सम्मान किया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों की मदद करने के साथ बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर अभिनव सिंह साहिल ने कहा कि उनके बाबा पूर्व सांसद स्व. कमला प्रसाद सिंह ने अपने जीवन के अंतिम समय तक सामाजिक कार्यों में योगदान दिया। उन्होंने सदैव समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करने और जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने की प्रेरणा दी। उनके बताए रास्ते पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना तथा बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ जयंती के अवसर पर पाठ्य सामग्री और फल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में पंकज मिश्रा, अनुराग राय, डिम्पी पंडित, संदीप सिंह, विशाल सिंह, अविनाश पाण्डेय, अभिषेक तिवारी, आकाश सिंह, अथर्व उपाध्याय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

