गहना कोठी परिवार के धार्मिक आयोजन में निकलेगी भव्य कलश यात्रा, 23 से शुरू होगी श्रीमद्भागवत कथा
22 अक्टूबर को सद्भावना पुल स्थित नवदुर्गा मंदिर से निकलेगी कलश यात्रा, 29 अक्टूबर को भंडारे के साथ होगा समापन
जौनपुर। धर्म और आध्यात्म की नगरी जौनपुर में गहना कोठी भगेलू राम रामजी सेठ परिवार के विभिन्न प्रतिष्ठानों की ओर से भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 22 अक्टूबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 23 से 29 अक्टूबर तक विवाह मैरेज हॉल में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। सात दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।कलश यात्रा 22 अक्टूबर को निर्धारित समय पर सद्भावना पुल स्थित नवदुर्गा मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ेगी। इसमें ओलंदगंज, शाही पुल, कोतवाली चौराहा और अटाला मस्जिद के सामने से होते हुए राजा की हवेली के पास स्थित विवाह मैरेज हॉल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिलेगा।
इसके अगले दिन 23 अक्टूबर से विवाह मैरेज हॉल में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। 29 अक्टूबर तक चलने वाली कथा में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और आध्यात्म से जुड़े प्रसंगों का श्रवण करेंगे। आयोजन के अंतिम दिन कथा समापन के पश्चात प्रसाद वितरण एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
गहना कोठी परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की विनम्र अपील की है। परिवार की ओर से सभी भक्तों को कथा श्रवण करने और प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजन की जानकारी देते हुए विनीत कुमार सेठ ने बताया कि यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है। सभी धर्मों के प्रति सम्मान और आपसी सौहार्द की भावना के लिए पहचाने जाने वाले गहना कोठी परिवार के इस आयोजन को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह देखा जा रहा है।

