तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की हुई मौत
मेले में परिवार के साथ जलेबी बनाने आया था मृतक, हादसे के बाद चालक फरार
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के जपटापुर गांव के पास जौनपुर-शाहगंज लुंबिनी मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक श्रवण गुप्ता (35) पुत्र स्वर्गीय अच्छे लाल गुप्ता निवासी मधुबन थाना कंधरापुर जिला आजमगढ़ परिवार के साथ दशहरे के मेले में जलेबी बनाने के लिए शाहगंज आए थे। वह शाहगंज के दुकानदार गणेश गुप्ता के यहां काम करते थे। सोमवार सुबह श्रवण अपने किसी साथी को छोड़ने कोईरीडीहा बाजार गए थे। वहां से बाइक से लौटते समय सुबह करीब सात बजे जप्टापुर बाजार के पास पहुंचे थे। इसी दौरान शाहगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से श्रवण बाइक से उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसे की आवाज सुनकर आस—पास के लोग मौके पर जुट गए। इसी बीच ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल श्रवण को जिला अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। श्रवण दो भाइयों में छोटे थे और उनके दो बच्चे हैं। परिवार की आजीविका मिठाई बनाने का काम करके चलती थी। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दशहरे के मेले में परिवार के साथ आया था श्रवण
श्रवण गुप्ता परिवार की गृहस्थी चलाने के लिए मिठाई की दुकान पर काम करते थे। दशहरे के मेले में जलेबी बनाने के लिए वह परिवार के साथ आजमगढ़ से शाहगंज आए थे। शाहगंज के दुकानदार गणेश गुप्ता के यहां काम कर रहे श्रवण सोमवार सुबह अपने साथी को छोड़कर लौट रहे थे। जपटापुर के पास हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। श्रवण की मौत से पत्नी, बच्चों सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस व्यक्ति के सहारे परिवार का खर्च चलता था, उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।

