पुलिस लाइन में एक नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सेवा शिविर, दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण
किसानों को उन्नत बीज, श्रमिकों का पंजीकरण और रोजगारपरक योजनाओं की मिलेगी जानकारी
जौनपुर। आम जनता को कानूनी रूप से जागरूक और सशक्त बनाने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से एक नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन, जौनपुर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल व सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। वहीं, किसानों को उन्नत बीज, लोगों को फलदार एवं फूलदार पौधे और श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी व पंजीकरण की सुविधा मिलेगी।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और पुलिस विभाग के समन्वय से अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि विभाग की ओर से किसानों को उन्नत बीज वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा फलदार एवं फूलदार पौधों का वितरण भी किया जाएगा। विभिन्न विभागों के माध्यम से रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देने के साथ रोजगार प्राप्त करने में सहायक योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।
शिविर में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीकरण भी कराया जाएगा, ताकि वे संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे एक नवंबर को पुलिस लाइन पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं और उपलब्ध योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

