पदुमपुर तिराहे पर असलहे के दम पर लूट का खुलासा, दो गिरफ्तार

 तीसरा आरोपी किशन गौड़ फरार, लूट के 8,300 रुपये, आधार कार्ड और बैंक कार्ड बरामद

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पदुमपुर तिराहे पर असलहा दिखाकर दुकानदार से लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से सरायख्वाजा पुलिस ने दो आरोपियों मुलायम यादव उर्फ विवेक और सनुप प्रजापति को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट के 8,300 रुपये, पीड़ित का आधार कार्ड और यूनियन बैंक का कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल तीसरा आरोपी किशन गौड़ अभी फरार है।


दुकान बंद कर घर लौट रहे दुकानदार को बनाया था निशाना


पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे जमालपुर निवासी दिलीप कुमार मौर्य अपनी दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। वह जैसे ही पदुमपुर तिराहे पर पहुंचे, तभी अपाचे मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उन्हें असलहा दिखाकर डराया-धमकाया और उनका बैग व पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर सरायख्वाजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 569/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) और 317(2) में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


लूट के रुपये बांटने और खर्च करने की बात आई सामने


पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि लूट की योजना उनके फरार साथी किशन गौड़ ने बनाई थी। वारदात में उसी की अपाचे मोटरसाइकिल और असलहे का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के अनुसार, लूट में कुल 40 हजार रुपये और कुछ दस्तावेज मिले थे। इनमें से किशन ने मुलायम यादव को 15 हजार रुपये व पीड़ित का आधार कार्ड, जबकि सनुप प्रजापति को सात हजार रुपये व एटीएम कार्ड दिया था। बाकी रकम खाने-पीने और कपड़े खरीदने में खर्च होने की बात सामने आई है।


पुलिस के मुताबिक, मुलायम यादव ने पूछताछ में आधार कार्ड रखने की वजह पीड़ित के नाम पर फर्जी सिम निकलवाकर उसका दुरुपयोग करने की मंशा बताई।


8,300 रुपये और जरूरी दस्तावेज बरामद


गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने कुल 8,300 रुपये बरामद किए। इनमें मुलायम यादव के कब्जे से 5,200 रुपये और सनुप प्रजापति के पास से 3,100 रुपये मिले। इसके अलावा पीड़ित का मूल आधार कार्ड और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट/एटीएम कार्ड भी बरामद किया गया है।


एसओजी और सर्विलांस की मदद से हुई कार्रवाई


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विजय चौधरी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह, उपनिरीक्षक भरत सिंह यादव, हेड कांस्टेबल विजयशंकर सिंह तथा कांस्टेबल अरुण कुमार यादव, अनीश कुमार, विकास पासवान और विजय पटेल शामिल रहे।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुलायम यादव के खिलाफ लाइन बाजार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी मुकदमा दर्ज है। वहीं, मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

Related

JAUNPUR 5933365454306059642

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item