शारदीय नवरात्र के पहले दिन चौकियां धाम में हजारों भक्तों ने टेका मत्था
शैलपुत्री के स्वरूप में माता रानी का भक्तों ने किया दर्शन—पूजन
चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल की आस्था का केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में रविवार को शारदीय नवरात्र के पहले दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माता जी का दर्शन-पूजन करके मत्था टेका। रविवार की भोर में 4 बजे मन्दिर के कपाट खुलने के पश्चात मन्दिर महंत विवेकानन्द पंडा ने माता रानी का भव्य श्रृंगार करके आरती पूजन किया। हवन—पूजन एवं माता रानी के जयकारों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। कतार में खड़े होकर भक्तों ने माता रानी के दरबार में दर्शन पूजन करते नजर आये। मन्दिर परिषद को आकर्षण रूप, रंग—बिरंगे झालर, लाइट आदि से सजाया गया है।
बताया गया कि शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के स्वरूप में माता रानी का दर्शन पूजन किया गया। श्रीमद्देवी भागवत, मार्कण्डेय पुराण कथा के अनुसार शैलपुत्री माता को पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण ही शैलपुत्री कहा जाता है। मां शैलपुत्री के दाहिने हाथ में त्रिशूल और बायें हाथ में कमल का फूल सुशोभित है और इनका वाहन वृषभ (नन्दी) है। शैलपुत्री मां को गाय के शुद्ध घी या घी से बनी मिठाई का भोग लगाया जाता है जिससे आरोग्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
वहीं सुरक्षा की दृष्टि से मन्दिर परिसर सहित मेला क्षेत्र में पुलिस व पीएसी के जवान लगाये गये हैं। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले दर्शनार्थियों के लिये वाहन पार्किंग की व्यस्था मन्दिर से 300 मीटर की दूरी पूर्वी मुख्य मार्ग की गयी है। वहीं वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर, जौनपुर से आने पर पश्चिमी मुख्य मार्ग बड़ागर चौराहे पर वाहन पार्किंग की व्यस्था की गयी है। थानाध्यक्ष लाइन बाजार केके सिंह एवं शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद रहे।

