चाय की दुकान पर विवाद बना खूनी, दो भाइयों ने मिलकर ओमप्रकाश की कर दी हत्या, कुल्हाड़ी और लाठी बरामद
जौनपुर के सुजानगंज के नारीपुर गांव में हुई हत्या का खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के मुताबिक पहले भी हत्या के मामले में काट चुके हैं सजा
पुलिस के अनुसार, नारीपुर निवासी रोहित मिश्र ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता ओमप्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू की अज्ञात लोगों ने गला काटकर हत्या कर दी है। उनका शव हिम्मतनगर स्थित शांति शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल में पड़ा मिला था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस की पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, गनपति प्रजापति ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को वह अपनी चाय की दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान ओमप्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू दुकान पर पहुंचे और विवाद करने लगे। इसके बाद वह शांति शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल में जाकर शराब पीने लगे। इसी बीच गनपति का भाई राकेश भी वहां पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर ओमप्रकाश के साथ मारपीट की और उनकी ह" त्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राकेश प्रजापति (45) और गनपति प्रजापति (56), निवासी नारीपुर, थाना सुजानगंज के नाम प्रकाश में आए। मंगलवार, 20 अक्टूबर को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर एक लाठी और एक कुल्हाड़ी बरामद की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को संबंधित न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ सुजानगंज थाने में वर्ष 2009 में हत्या से संबंधित मुकदमा संख्या 06/2009 भी दर्ज था। पुलिस का कहना है कि दोनों पूर्व में हत्या के मामले में सजा काट चुके हैं।

