कच्ची दीवार ढहने से भैंस एवं पड़वे की हुई मौत, पशुपालक ने मांगी आर्थिक मदद
https://www.shirazehind.com/2026/10/blog-post_234.html
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुकर्णाकला गांव में शुक्रवार की रात कच्ची दीवार ढहने से उसके मलबे में दबकर एक भैंस और एक पड़वे की मौत हो गई। हादसे में पशुधन की क्षति से पशुपालक को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी दिलीप गौतम शुक्रवार को पशुओं को चराने के बाद घर के ओसारे में बांधकर सो गए थे। रात करीब दो बजे अचानक कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। इसके मलबे में दबने से दोनों पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शोर सुनकर पड़ोसी भी जुट गये लेकिन तब तक दोनों पशुओं की जान जा चुकी थी।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है।पशुधन की मौत से दिलीप गौतम को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर मुआवजे की मांग किया है।

