रबी की फसल बोने से पहले की तैयारियों में जुटे किसान
https://www.shirazehind.com/2026/10/blog-post_261.html
जौनपुर। मछलीशहर तहसील क्षेत्र में किसान रबी फसलों की बुआई से पहले की तैयारियों में किसान जुट गए हैं। ऐसे खेत जो चौमस छोड़े गये थे खर पतवार नष्ट करने के लिए किसान उनकी कल्टीवेटर और रोटावेटर से जुताई करवा रहे हैं। कुछ लोग खेतों में पलेवा दे रहे हैं तो कुछ लोग इसी नमी में सरसों की बुआई कर दे रहे हैं।इस सम्बन्ध में बामी गांव के किसान जितेन्द्र बहादुर सिंह कहते हैं कि अगर नमी की कमी दिखे तो पलेवा देकर ही सरसों,आलू,मटर, चना की बुआई करना फायदेमंद रहेगा। उधर धान के खेतों में धान की अगेती किस्में पीली पड़ना शुरू हो गई हैं। किसान दस पन्द्रह दिनों बाद धान की फसल की कटाई मड़ाई में जुट जायेंगे।इस सम्बन्ध में महुआरी गांव निवासी संतोष सिंह कहते हैं कि हार्वेस्टर की सर्विसिंग काम शुरू हो गया है और हार्वेस्टर चलाने के लिए बाहर से ड्राइवरों को बुला लिए हैं।अगले सप्ताह से कुछ किसानों के धान की कटाई का काम शुरू हो जायेगा।

