दुर्गा पूजा में हादसा हुआ तो अधिकारी होंगे जिम्मेदार
शांति समिति की बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश, खुले मैनहोल बंद कराने और जर्जर तार-खंभे बदलने को कहा
जौनपुर। दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को त्योहारों से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना हुई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पैचिंग प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। जल निगम (शहरी) के अधिकारियों को सभी खुले सीवर और मैनहोल के ढक्कन तत्काल बंद कराने को कहा। विद्युत विभाग को जर्जर तार और खंभे बदलने के निर्देश दिए गए।
नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका को पहले से समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विसर्जन मार्गों और स्थलों की तैयारियां भी समय से पूरी करने को कहा गया।
पंडालों में प्रवेश-निकास अलग, हाईटेंशन तारों के नीचे नहीं लगेंगे
जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंडाल में प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था हो। सड़क को अवरुद्ध कर अथवा हाईटेंशन विद्युत तारों के नीचे किसी भी स्थिति में पंडाल न लगाया जाए। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के साथ पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया। स्वयंसेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र रखने और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
एआई से बने भ्रामक वीडियो पर रहेगी नजर
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने बताया कि कुछ अराजक तत्व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से भ्रामक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। इस पर डीएम ने अधिकारियों को ऐसे मामलों की निगरानी और तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने को कहा।
बिना अनुमति खुदाई पर रोक, सड़क से हटेगा मलबा
डीएम ने निर्देश दिया कि जिले में कहीं भी खुदाई का कार्य कराने से पहले नगर मजिस्ट्रेट से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पानी की टंकी से इंग्लिश क्लब और हाईडिल तक सड़क पर जमा अवैध मिट्टी, बालू और अन्य सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए गए। त्योहारों के दौरान मोबाइल शौचालय की व्यवस्था कराने को भी कहा गया।
शांति समिति के सदस्यों ने बैठक में सड़क, बिजली, कूड़ा उठान, सुरक्षा और यातायात सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट, विभिन्न विभागों के अधिकारी, दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी और जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

