राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल,ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग, भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप
जौनपुर। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी को जंतर-मंतर से गिरफ्तार किए जाने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेसियों ने जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में जोरदार विरोध मार्च निकाला। महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू हुआ मार्च अंबेडकर तिराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचा, जहां कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हल्ला बोल किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग की। विरोध मार्च के दौरान "वोट चोरी बंद करो", "लोकतंत्र बचाओ" और "ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो" जैसे नारे गूंजते रहे। प्रदर्शन को देखते हुए निर्वाचन कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।
विरोध मार्च को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा के इशारे पर देश के करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटकर लोकतंत्र और संविधान की हत्या की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग की।
जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की सबसे मजबूत बुनियाद है और यदि मतदाता सूची तथा वोट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं तो इसका सीधा असर लोकतंत्र पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट के अधिकार और संविधान की रक्षा की लड़ाई सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक लड़ती रहेगी। राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब कार्रवाई और गिरफ्तारी से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जो देश के मतदाताओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विरोध मार्च का संचालन कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया। इस मौके पर इंटक के प्रदेश चेयरमैन डा. परमेन्दर सिंह, डा. आरसी पांडेय, अनिल दूबे आजाद, विनय तिवारी, गौरव सिंह शनी, वरुणा शंकर चतुर्वेदी, शिव मिश्रा, नसीम, मुहम्मद वकील, कृष्ण चंद निषाद, लाल प्रकाश पाल, नीलेश सिंह, इरशाद खान, आरडी राम, राम सिंह बांकुरे, विजय प्रजापति, विजय गौतम, सभासद शहनवाज मंजूर, लकी पांडेय, अबू हमजा मलिक, इकबाल हुसैन, विजय बहादुर यादव, अबुजर, सोशल मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र यादव, विपिन शर्मा, विजय वर्मा, संदीप निषाद, सीताराम पटेल, वीरेंद्र सेठ गौतम, छोटू पंडित, गोविंद गौतम, मुहम्मद ताहिर, आदित्य राज सिंह, तौफीक अहमद, अमल राजू, प्रेमचंद मौर्या एवं वरिष्ठ नेता देवराज पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

