सेवा ज्योति यात्रा में गूंजा ‘सेवा ही संगठन’ का संकल्प
हाईडील चौराहे से निकली यात्रा, प्रमुख मार्गों से होते हुए फिर वहीं पहुंची; कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘सेवा संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में बुधवार को कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। हाई डील चौराहे से निकली यात्रा में ‘सेवा ही संगठन’ और राष्ट्रसेवा के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी रहे। संचालन कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्र ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन के संबोधन एवं संदेश के सीधे प्रसारण के साथ हुआ। शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
इसके बाद मुख्य अतिथि, जिलाध्यक्ष एवं मंचस्थ अतिथियों ने चौराहे पर स्थापित पवित्र कलश का विधिवत उद्घाटन किया। तत्पश्चात हरी झंडी दिखाकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया गया। यात्रा हाई डील चौराहे से निकलकर अम्बेडकर चौराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, लाइन बाजार तिराहा होते हुए खरका कॉलोनी पहुंची और पुनः हाई डील चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश में नजर आए। कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा ही संगठन’ और राष्ट्रसेवा के नारों के साथ लोगों को सेवा एवं जनकल्याण का संदेश दिया। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
सेवा संकल्प सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘सेवा ही संगठन’ है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनसेवा के प्रति समर्पित है। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भाव को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता, विकास और सरकार की योजनाएं पहुंचाने का संकल्प और मजबूत हुआ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र को आत्मसात कर कार्य कर रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का उद्देश्य जनता के बीच जाकर सेवा भाव को मजबूत करना और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से रमेश चंद्र मिश्र, रमेश सिंह, सीमा द्विवेदी, कृपा शंकर सिंह, सुषमा पटेल, मनोरमा मौर्य, सुरेंद्र प्रताप सिंह, मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, अजय सिंह, संदीप तिवारी, अमित श्रीवास्तव, परविंदर चौहान, नीरज मौर्य, विकास शर्मा, अंशु कुशवाहा, धर्मेंद्र मिश्र, आमोद सिंह, अमरनाथ पांडेय, रामसूरत मौर्य, रोहन सिंह, घनश्याम यादव सहित जिले के अन्य पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

