पोषण माह में गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दम
10 बच्चों ने लिया हिस्सा, विजेता बच्चों को दिए गए उपहार
जफराबाद। सिरकोनी ब्लॉक के बिशुनपुर मझवारा गांव में सेवा संकल्प अभियान के तहत पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन और ब्लॉक स्तरीय हेल्दी बेबी प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के पोषण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ अंशु त्रिपाठी की मौजूदगी में दो गर्भवती महिलाओं की विधिवत गोद भराई की रस्म पूरी कराई गई। इसके साथ ही दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इस दौरान महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक भोजन देने के प्रति जागरूक किया गया।
ब्लॉक स्तरीय हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में 10 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े विभिन्न मानकों के आधार पर तीन बच्चों का चयन प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए किया गया। विजेता बच्चों को कार्यक्रम में उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सीडीपीओ अंशु त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रयास है कि कोई भी बच्चा पोषण संबंधी सुविधाओं से वंचित न रहे। इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी और मॉनिटरिंग की जाती है।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर इंदिरा पाल, उर्मिला देवी, खुशबू करनौजीया, अंजू सिंह सहित समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ती मौजूद रहीं।

